चंडीगढ़ | हरियाणा में एक बार फिर चुनाव का बिगुल बजेगा. बता दें कि प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव अप्रैल महीने में होंगे. अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर राज्य चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची को लेकर कार्यक्रम जारी कर दिया है.
यह रहेगा पूरा शेड्यूल
राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि 17- 27 फरवरी तक भारत के चुनाव आयोग के बताए अनुसार, विधानसभा चुनाव क्षेत्र के संबंधित इलाके या उसके हिस्से के वोटरों का ऊपर बताए गए कार्पोरेशनों के वार्डों में मतदाता सूची का बंटवारा किया जाएगा. 28 फरवरी को दावे और आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए निगमों की वार्ड वार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा. जबकि दावे और आपत्तियां पुनरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की लास्ट डेट 7 मार्च रहेगी.
12 मार्च तक संशोधन प्राधिकरण द्वारा दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा. पुनरीक्षण प्राधिकरण के आदेशों के विरूद्ध उपायुक्त के समक्ष अपील दायर करने की लास्ट डेट 16 मार्च होगी. अपीलों के निपटान की लास्ट डेट 19 मार्च है. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 मार्च को किया जाएगा.
इन जगहों पर होंगे चुनाव
अंबाला, पंचकूला, सोनीपत में नगर निगम चुनाव और रेवाड़ी नगर परिषद का चुनाव होगा. सांपला, उकलाना, धारूहेड़ा नगर पालिका के चुनाव और टोहाना, झज्जर, राजौंद, कनीना, तरावड़ी, साढौरा व करनाल में 1- 1 वार्ड पार्षद के उप- चुनाव का आयोजन होगा.
आयोग भेज चुका मतदाता सूची
इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) की ओर से राज्य चुनाव आयोग को पहले ही मतदाता सूची भेजी जा चुकी है. इस मतदाता सूची के लिए राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा था जिसके बाद मतदाता सूची सौंपी गई थी. इस बारे में सोमवार को राज्य चुनाव आयोग के आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण की अध्यक्षता में बैठक मतदाता सूची को संबंधित जिलों में भेजने का फैसला लिया गया.
