चंडीगढ़ | हरियाणा सहित पूरे उत्तर भारत के राज्यों में इस वक्त आसमान से आग बरस रही है. सुबह की शुरुआत सूर्य की तपिश से हो रही है और दिनभर शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है. प्रदेश के रोहतक सहित कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है. ऐसी भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है.

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल आवागमन में खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है. प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बीच गर्मी की छुट्टियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी जिसमें समर वेकेशन की घोषणा की गई है. मौसम विभाग ने 25 मई से नौतपा और तापमान में असामान्य बढ़ोतरी की संभावना जताई है, जिसको देखते हुए इस बार सरकार ने गर्मी की छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी है.
हरियाणा में समर वेकेशन का ऐलान
प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए स्कूलों के लिए गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी है. प्रदेश के सभी स्कूलों में 25 मई से छुट्टियां रहेगी और 30 जून तक स्कूल बंद रहेंगे. इस बार लू के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 6 दिन पहले ही गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी है.
मौसम विभाग का कहना है कि सीधे तेज धूप में आने से बचें. घर के भीतर ठंडी हवादार जगह पर रहें. थोड़े- थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहे. बाहर निकलते समय शरीर को मोटे कपड़े से ढककर रखें.