चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी दिल्ली दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैं उन्हें अध्यक्ष बनने पर बधाई देता हूं और उम्मीद करते हैं कि वे पार्टी के लिए तन- मन से काम करेंगे.
नितिन नवीन की तारीफ
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि बीजेपी के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए नितिन नवीन खुद जमीन से जुड़े साधारण कार्यकर्ता हैं और पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी बड़ा स्नेह और सम्मान देते हैं. नितिन नवीन की युवाओं के बीच जो शानदार पकड़ हैं, ऐसे वरिष्ठ हमारे एक कार्यकर्ता को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर उच्च स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी हैं, मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में पार्टी सफलता की नई ऊंचाईयां छूएगी. वो बेहतरीन तरीके से पार्टी का संचालन करेंगे.
आज दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नव दायित्व हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की।
आपका व्यापक सांगठनिक अनुभव और कुशल मार्गदर्शन निश्चित रूप से भाजपा की वैचारिक यात्रा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा। संगठन… pic.twitter.com/vaLMCFZe7d
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) December 16, 2025
उन्होंने कहा कि बीजेपी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें एक साधारण कार्यकर्ता भी देश के उच्च पद पर बैठ सकता है और पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है. दूरदराज बैठा एक कार्यकर्ता, जो पार्टी के लिए दिन- रात मेहनत करता है, वो शिखर की ऊंचाइयों पर पहुंच सकता है और ये भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है. ये मेरे ख्याल से किसी और पार्टी में संभव नहीं है क्योंकि बहुत सारी पार्टियां सिर्फ परिवारवाद को ही बढ़ावा देने में विश्वास रखती है.
कौन होगा नया प्रदेशाध्यक्ष?
हरियाणा में बीजेपी पार्टी के नए प्रदेशाध्यक्ष को लेकर सीएम नायब सैनी ने कहा कि ये केंद्रीय नेतृत्व का विषय है और पार्टी जो भी आदेश करेगी उसपर हम मुहर लगाएंगे. केंद्रीय नेतृत्व एक व्यवस्थित तरीके से इस प्रकिया को पूरा करेगा और मुझे उम्मीद है कि जल्द ही हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के नए नाम का ऐलान होगा.
