चंडीगढ़ | हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी में मचा घमासान थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ओर से 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी. पार्टी के कई नेताओं द्वारा इन पांचों विधायकों के नाम सार्वजनिक करने की मांग उठाई जा रही थी. इसके लिए आज सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया और नांगल चौधरी से कांग्रेस विधायिका मंजू चौधरी चंडीगढ़ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे.
क्रास वोटिंग करने वालों के सार्वजनिक हुए नाम
राज्यसभा चुनाव में एक सीट पर जीत हासिल करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा ने कहा था कि क्रास वोटिंग और जानबूझकर वोट रद्द करने वाले विधायकों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए गए हैं. जल्द ही, इनके खिलाफ हाईकमान की ओर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. उनके इस ऐलान के बाद हर कोई इन विधायकों के नाम जानने को उत्सुक था.
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने क्रॉस वोटिंग करने वाले 4 विधायकों के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं. उन्होंने बताया कि नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुनहाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इलियास और साढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र से विधायिका रेनू बाला ने कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध को मतदान करने की बजाय निर्दलीय सतीश नांदल के पक्ष में मतदान किया है.
नोटिस होंगे जारी
उन्होंने बताया कि पार्टी की अनुशासन कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक को इसकी जानकारी दे दी गई है. आज इन सभी विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा. वहीं, क्रास वोटिंग करने वाले विधायकों के नाम सार्वजनिक करने को लेकर धरने पर बैठे विधायकों के पास पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा पहुंचे. उन्हें हाथ पकड़कर उठा लिया और अपने साथ विधानसभा में ले गए. इन दोनों विधायकों का कहना था कि वोट रद्द होने वाले विधायकों में उनके नाम भी घसीटे जा रहे हैं इसलिए नाम सार्वजनिक करने को लेकर वो धरने पर बैठे थे.
