हरियाणा निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी, शहरी वोटर्स को रिझाने के लिए लगाई वादों की झड़ी

चंडीगढ़ | हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी (Haryana Congress Party) ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है. पार्टी ने शहरी वोटर्स को रिझाने के लिए घोषणा पत्र में कई बड़े वादे किए हैं. इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे कांग्रेस को पूर्ण बहुमत देकर सत्ता में लाएं ताकि शहरों का विकास सुनिश्चित किया जा सके. इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष उदयभान सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव समेत पार्टी के कई सीनियर नेता उपस्थित रहे.

Congress INC

सुधार के लिए कांग्रेस को वोट करें: हुड्डा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 सालों से सत्ता में होने के बावजूद भी शहरों में बुनियादी सुविधाओं का टोटा बना हुआ है. उन्होंने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस के महापौर और पार्षदों को चुनें, ताकि शहरों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जा सके. उन्होंने दावा किया कि गुरुग्राम को भाजपा सरकार ने विकास के नाम पर ठगने के अलावा कुछ नहीं किया है लेकिन कांग्रेस पार्टी गुरुग्राम शहर की सूरत बदलने के लिए संकल्पित है.

घोषणापत्र में बड़े वादे

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में हरियाणा के शहरी इलाकों के विकास के लिए कई योजनाएं पेश की हैं. जैसे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, सिविल अस्पताल का निर्माण कार्य जल्द शुरू, माता शीतला देवी मंदिर के निर्माण, डोर- टू- डोर कचरा कलेक्शन, पुरानी नालियों की सफाई और पक्कीकरण कार्य शामिल हैं.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में अब प्राइवेट बसों में भी मान्य होंगे फ्री पास, रोडवेज बसों की तरह ही देना होगा मुफ्त यात्रा का लाभ

हर वार्ड में लाइब्रेरी और Wi- Fi युक्त आधुनिक पुस्तकालय, महिलाओं और सफाई कर्मचारियों के लिए हर वार्ड में क्रेच सुविधा, शहरों में खुले जिम और सार्वजनिक स्थानों पर सुविधाएं, अतिक्रमण से बचाव, स्ट्रीट वेंडिंग जोन का निर्माण और संपत्ति आईडी में सुधार और गृहकर को सरल बनाना जैसे वादे किए गए हैं.

बेसहारा गौवंश से छुटकारा

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि यातायात सुधारने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे. आवारा पशुओं की समस्या भी एक गंभीर मुद्दा बन चुकी है, जिसके लिए संवेदनशील और स्थायी समाधान निकाला जाएगा. शहरों में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए नई जगहों का निर्माण किया जाएगा और रात्रि आश्रयों में सुधार किया जाएगा.

शहरी इलाकों को हरियाली और स्वच्छता से भरपूर बनाया जाएगा. शहरों के चौराहों और सड़कों को गड्ढा- मुक्त किया जाएगा. इसके साथ ही, बाजारों, सड़कों और चौकों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे और पुराने कैमरों को अपग्रेड किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.