हरियाणा में निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने कसी कमर, इच्छुक उम्मीदवारों से मांगे आवेदन

चंडीगढ़ | हरियाणा में निकाय चुनावों का बिगुल बज चुका है. सत्तासीन बीजेपी के साथ- साथ प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी ने भी इन चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों को धरातल पर अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है. पार्टी ने सोनीपत सहित पंचकूला और अंबाला में होने वाले नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों से मेयर और पार्षद पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं.

Congress INC

कांग्रेस पार्टी ने कसी कमर

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने और धरातल पर मेहनत करने वाले सक्षम और सबकी पसंद के नेतृत्व को आगे लाने के उद्देश्य से आवेदन आमंत्रित किए हैं. इसके लिए 5 फरवरी आखिरी तारीख रहेगी.

उन्होंने इच्छुक उम्मीदवारों से आग्रह करते हुए कहा कि वे पार्टी द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन जमा कराएं. आवेदन में बायोडाटा, आवश्यक प्रमाणपत्र (जैसे जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, वोटर आइडी), पार्टी से जुड़ाव का विवरण, पूर्व चुनावी अनुभव और अन्य प्रासंगिक दस्तावेज शामिल करने होंगे.

यह भी पढ़े -  हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, पशु हमले के पीड़ित परिवारों को मिलेगी आर्थिक सहायता

वोटों की अपील

राव नरेंद्र ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक रहेगी जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जिला इकाइयों की राय को महत्व दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ नगर निगम चुनावों के रण में उतरेगी.

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज शहरों में मूलभूत सुविधाओं का बुनियादी ढांचा चरमरा चुका है. लोगों का पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा है. सड़क हो या सीवरेज व्यवस्था, सब का बुरा हाल है. इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी चुनावों में लोगों से वोट की अपील करेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.