चंडीगढ़ | हरियाणा में राज्यसभा की 2 सीटों पर चुनाव के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है. यहां 16 मार्च को चुनाव होगा. इसके लिए कांग्रेस सहित भाजपा उम्मीदवारों को 5 मार्च तक नामांकन दाखिल करना होगा. बता दें कि BJP के दो राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और किरण चौधरी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है. आज राज्यसभा सीटों पर नामांकन पत्र दाखिल करने का आखिरी दिन है.
कांग्रेस ने घोषित किया उम्मीदवार
हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने कर्मवीर बौद्ध के नाम की घोषणा की हैं. वे अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखते हैं और बताया जा रहा है कि खुद राहुल गांधी ने उनके नाम का सुझाव दिया है. हालांकि, इस दौड़ में अशोक तंवर, जयवीर बाल्मिकी और पूर्व अध्यक्ष उदयभान का नाम भी शामिल था. कर्मवीर सिंह बौद्ध कांग्रेस पार्टी में किसी भी गुट या खेमे से नहीं जुड़े हुए हैं. यहीं कारण है कि उन्हें संगठन के भीतर एक संतुलित और सर्व स्वीकार्य चेहरे के रूप में देखा जा रहा है.
क्या कहता है समीकरण?
राज्यसभा की 1 सीट पर चुनाव जीतने के लिए 31 वोटों की जरूरत होती है. ऐसे में पूरी संभावना है कि कांग्रेस व BJP के खाते में एक- एक सीट आएगी. वर्तमान में कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं जबकि बीजेपी के पास 47 विधायक हैं और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है.
भारतीय जनता पार्टी को दूसरी सीट पर जीत उसी स्थिति में हासिल हो सकती है, जब कांग्रेस पार्टी के 7 विधायक क्रॉस वोटिंग करें जिसकी संभावना नाममात्र ही दिखाई दे रही है.
