चंडीगढ़ | हरियाणा में बुजुर्गो के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. जो बुजुर्ग धार्मिक स्थलों पर जाने के इच्छुक हैं लेकिन आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के चलते मजबूरन घर ही रह जाते हैं, ऐसे लोगों को प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगात दी है. सरकार द्वारा बुजुर्गो के लिए ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ चलाई गई है जिसके तहत 5 मई को हजूर साहिब नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए कुरुक्षेत्र से स्पेशल ट्रेन रवाना होगी.

15 अप्रैल तक करें पंजीकरण
सीएम नायब सैनी इस स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जाने वाली संगत को रवाना करेंगे. इस योजना का लाभ उन्हीं बुजुर्गो को मिलेगा जिनकी आयु 60 साल से ज्यादा हैं और फैमिली इनकम 1.80 लाख रुपए से कम हैं. इस योजना का लाभ उठाने के लिए सरल हरियाणा पोर्टल पर 15 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन करना होगा.
पूरा खर्च उठाएगी सरकार
इस नि:शुल्क तीर्थ दर्शन यात्रा योजना का लाभ उठाने के लिए नजदीकी CSC सेंटर या अपने स्मार्टफोन से सरल हरियाणा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. इस योजना के तहत, वरिष्ठ नागरिक को एक सहायक को पूर्ण भुगतान पर साथ ले जाने की अनुमति रहेगी.
यात्रियों के रहने, खाने- पीने, ठहरने से स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा अपने स्तर पर की जाएगी. इस योजना के तहत तीर्थ स्थलों पर जाने वाले बुजुर्गो का पूरा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी. पंजीकरण की सूचना जिला सूचना अधिकारी कार्यालय में देनी जरूरी होगी.
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र से हजूर साहिब नांदेड़ जाने वाली यह ट्रेन पानीपत, सोनीपत और नई दिल्ली सहित कई अन्य स्टेशनों से होते हुए अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचेगी. प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से इस यात्रा पर जाने वाले बुजुर्गो को इन्हीं स्टेशनों से ट्रेन में सवार होना पड़ेगा.