चंडीगढ़ | BJP ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संगठन की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया है. हरियाणा में अब पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पार्टी की प्रभारी होंगी. उनके साथ भोला सिंह को सहप्रभारी बनाया गया है. अब तक हरियाणा की जिम्मेदारी संभाल रहे सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है. पूनिया को जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी भी दी गई है.
पंजाब में सतीश पूनिया के साथ वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर सहप्रभारी की भूमिका निभाएंगे. वहीं चंडीगढ़ की जिम्मेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र पांडे को दी गई है. चंडीगढ़ में किसी सहप्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है.
हिमाचल में श्रीकांत पर फिर भरोसा
हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने प्रभारी नहीं बदला है. श्रीकांत शर्मा को एक बार फिर संगठन की कमान दी गई है, जबकि दर्शना सिंह सहप्रभारी बनाई गई हैं. श्रीकांत शर्मा उत्तर प्रदेश की मथुरा विधानसभा सीट से विधायक हैं और यूपी सरकार में ऊर्जा मंत्री रह चुके हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें हिमाचल में अहम संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई थी.
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती @smritiirani जी को हरियाणा का प्रभारी तथा लोकसभा सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री श्री @MPDrBholaSingh जी को सह-प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. @bjpArchanaGupta जी ने मीडिया के माध्यम से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं… pic.twitter.com/IW6vH2T1gb
— Haryana BJP (@BJP4Haryana) September 23, 2026
पंजाब की कमान सतीश के पास
राजस्थान के चुरू में जन्मे सतीश पूनिया आमेर विधानसभा सीट से विधायक और राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. वह राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. वहीं, चंडीगढ़ का प्रभार संभालने वाले डॉ. महेंद्र पांडे केंद्र सरकार में कौशल विकास एवं उद्यमिता और भारी उद्योग मंत्री रह चुके हैं. वह उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं.
