चंडीगढ़ | हरियाणा में महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि सीएम नायब सैनी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त जारी कर दी है. जिसके तहत 9 लाख 22 हजार 452 महिलाओं के खातों में 193 करोड़ रुपये की राशि डाली गई है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी तक चारों किस्तों में यह राशि 634 करोड़ रुपये हो चुकी है. राज्य सरकार द्वारा 1 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाली महिलाओं को 2100 रुपये मासिक देने की योजना आरंभ की गई है. इस योजना के अंतर्गत, फरवरी माह से 1100 रुपये की राशि खातों में भेजी जाती है और 1000 रुपये की राशि की एफडी कराई जाती है.
इन्हें भी मिलेगा योजना का लाभ
उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के अंतर्गत अब 1.80 हजार रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं भी 2100 रुपये प्राप्त करने की पात्रता में शामिल हो गई हैं. इनमें वे महिलाएं शामिल होगी जिनके बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते है और कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 80% से ज्यादा अंक हासिल किए हैं.
कक्षा एक से चार में ‘निपुण भारत मिशन’ के अंतर्गत कक्षा स्तर की दक्षता हासिल करने वाले बच्चों की माताओं और बच्चों को कुपोषण से सफलतापूर्वक पुनर्वासित करने वाली महिलाओं को भी लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2100 रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी.
