हरियाणा के 393 सरकारी स्कूलों की बड़ी लापरवाही, शिक्षा विभाग ने जारी किया अल्टीमेटम

चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में उपलब्ध खेल सुविधाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है. शिक्षा विभाग की समीक्षा में सामने आया है कि प्रदेश के 393 सरकारी स्कूलों ने अब तक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड नहीं की है. इनमें 151 सरकारी हाई स्कूल और 242 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शामिल हैं. विभाग ने अब सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को 20 जुलाई तक यह प्रक्रिया हर हाल में पूरी कराने के निर्देश दिए हैं.

School Student

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक लापरवाही हिसार जिले में सामने आई है, जहां 105 स्कूलों का डेटा अभी तक पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया. इसके बाद, चरखी दादरी में 91 और भिवानी में 69 स्कूलों की जानकारी लंबित है.

हरियाणा स्कूलों की लापरवाही

दूसरी ओर पानीपत में केवल एक स्कूल का डेटा अपलोड होना बाकी है, जबकि जींद, कैथल और नूंह में दो-दो स्कूलों ने अभी तक अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज नहीं की है. जिन स्कूलों ने पहले ही अपनी जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर दी है, उन्हें भी एक बार फिर लॉग- इन कर सभी विवरणों की जांच करनी होगी. यदि किसी प्रकार की त्रुटि या जानकारी अधूरी है तो उसे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपडेट करना होगा. शिक्षा विभाग पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खेल सुविधाओं की वास्तविक तस्वीर तैयार करना चाहता है.

जारी किया अल्टीमेटम

इसके लिए प्रत्येक स्कूल में उपलब्ध खेल मैदान, खेल उपकरण, कोर्ट, रनिंग ट्रैक और अन्य खेल संसाधनों की ऑनलाइन मैपिंग की जा रही है. इस डेटा के आधार पर भविष्य में खेल सुविधाओं के विकास और संसाधनों के बेहतर वितरण की योजना तैयार की जाएगी. हालांकि, विभाग ने पाया कि कई जिलों में अब भी स्कूलों ने आवश्यक जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध नहीं कराई है. इसी कारण स्कूलों को एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया गया है. 20 जुलाई के बाद इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के किसानों की बढ़ी चिंता, मानसून कमजोर; कई जिलों में सूखे जैसे हालात

रिपोर्ट में मिली तकनीकी खामियां

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कई स्कूलों ने अंतिम सबमिशन करते समय सिविल स्ट्रक्चर से संबंधित आवश्यक मदों का चयन नहीं किया. इससे उनकी रिपोर्ट अधूरी दिखाई दे रही है. ऐसे सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी रिपोर्ट का दोबारा सत्यापन करें और यदि कोई विवरण पोर्टल पर नहीं दिख रहा है तो संशोधित रिपोर्ट फिर से अपलोड करें. डेटा अपलोड करने के दौरान यदि किसी स्कूल को तकनीकी परेशानी आती है तो विभाग ने हेल्पडेस्क की सुविधा भी उपलब्ध कराई है.

स्कूलों के प्रभारी कार्यदिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक 0172-5049801 पर संपर्क कर सकते हैं. सहायता लेते समय संबंधित स्कूल का कोड साथ रखना अनिवार्य होगा, ताकि समस्या का जल्द समाधान किया जा सके.

Avatar of Puja Kumari
Puja Kumari
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.