शहरी निकाय चुनावों के रण में उतरी हरियाणा BJP, मेयर पद के लिए घोषित किए उम्मीदवार

चंडीगढ़ | हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी- अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी ने पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम में मेयर पद के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं तो वहीं सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी ने भी आज इन तीनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है.

Bhartiya Janta Party BJP

BJP ने घोषित किए उम्मीदवार

शहरी निकाय चुनावों के लिए BJP ने पंचकूला से श्यामलाल बंसल, अंबाला से अक्षिता सैनी और सोनीपत से राजीव जैन को मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है. राजीव जैन और श्यामलाल बंसल दोनों ही वैश्य समाज से ताल्लुक रखते हैं जबकि राजीव जैन बणिया समुदाय से आते हैं.

कांग्रेस पार्टी की बात करें तो पंचकूला से सुधा भारद्वाज, अंबाला से कुलविंदर कौर और सोनीपत से कमल दीवान को प्रत्याशी बनाया है. दोनों ही पार्टियों द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अब चुनाव प्रचार अभियान रफ्तार पकड़ेगा और शहरी लोगों के बीच तमाम बड़े वादों को लेकर वोट मांगने का सिलसिला शुरू हो जाएगा.

10 मई को होगी वोटिंग

पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम तथा रेवाड़ी नगर परिषद् व धारूहेड़ा, सांपला तथा उकलाना नगर पालिका के लिए चुनाव होना है. इन सभी जगहों पर 10 मई को वोटिंग होगी. वहीं, किसी कारणवश पुनर्मतदान की नौबत आई तो 12 मई को मतदान होगा. 13 अप्रैल को इन चुनावों के परिणाम घोषित होंगे.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में अब प्राइवेट बसों में भी मान्य होंगे फ्री पास, रोडवेज बसों की तरह ही देना होगा मुफ्त यात्रा का लाभ

यह रहेगा शेड्यूल

प्रदेश में शहरी निकाय चुनावों के लिए 21- 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे. 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 28 अप्रैल को नामांकन वापसी के साथ शाम को चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे. इसके अलावा पानीपत और करनाल जिला परिषद के 1- 1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंच पदों के लिए उपचुनाव की वोटिंग भी 10 मई को होगी. उसी दिन वोटों की गिनती करके नतीजे घोषित हो जाएंगे.

पहली बार होगा जब NOTA का बटन तो होगा लेकिन इससे चुनाव नतीजों पर असर नहीं पड़ेगा. वोटिंग EVM से होगी लेकिन वीवीपैट का इस्तेमाल नहीं होगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.