चंडीगढ़ | हरियाणा में शहरी निकाय चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी- अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं. प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी ने इसमें बाजी मारते हुए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने शहरी निकाय चुनावों को लेकर झज्जर विधानसभा क्षेत्र से विधायिका गीता भुक्कल के नेतृत्व में घोषणा- पत्र कमेटी का ऐलान किया था.

कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार
कांग्रेस पार्टी ने शहरी निकाय चुनावों को लेकर अंबाला और सोनीपत नगर निगम सीट पर मेयर पद के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है. पार्टी ने अंबाला नगर निगम से कुलविंदर कौर और सोनीपत नगर निगम से शहरी जिलाध्यक्ष कमल दीवान को अपना उम्मीदवार घोषित किया है.
साल 2025 में सोनीपत नगर निगम सीट पर हुएं उपचुनाव में भी कमल दीवान को ही अपना उम्मीदवार बनाया था. हालांकि, उन्हें बीजेपी उम्मीदवार राजीव जैन से हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, कांग्रेस पार्टी द्वारा पंचकूला नगर निगम सीट पर मेयर पद के लिए अभी तक उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है. बताया जा रहा है कि कल इस सीट के लिए भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान हो सकता है.
10 मई को होगी वोटिंग
पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम तथा रेवाड़ी नगर परिषद् व धारूहेड़ा, सांपला तथा उकलाना नगर पालिका के लिए चुनाव होना है. इन सभी जगहों पर 10 मई को वोटिंग होगी. वहीं, किसी कारणवश पुनर्मतदान की नौबत आई तो 12 मई को मतदान होगा. 13 अप्रैल को इन चुनावों के परिणाम घोषित होंगे.
यह रहेगा शेड्यूल
प्रदेश में शहरी निकाय चुनावों के लिए 21- 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे. 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 28 अप्रैल को नामांकन वापसी के साथ शाम को चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे. इसके अलावा पानीपत और करनाल जिला परिषद के 1- 1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंच पदों के लिए उपचुनाव की वोटिंग भी 10 मई को होगी. उसी दिन वोटों की गिनती करके नतीजे घोषित हो जाएंगे. पहली बार होगा, जब NOTA का बटन तो होगा लेकिन इससे चुनाव नतीजों पर असर नहीं पड़ेगा. वोटिंग EVM से होगी लेकिन वीवीपैट का इस्तेमाल नहीं होगा.