चंडीगढ़ | वित्त वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश करते हुए बतौर वित्त मंत्री मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके सशक्तिकरण की दिशा में कई बड़ी घोषणाएं की हैं. हरियाणा पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 7 नए महिला पुलिस थाने खोलने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई है.
हरियाणा लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ेगा दायरा
अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्रता की वार्षिक आय सीमा को इसी साल 25 सितंबर से 1 लाख से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये करने का फैसला लिया गया है. पात्र महिलाओं को हर माह 2100 रुपये मिलते रहेंगे. इस योजना के लिए इस बार 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है जो पिछले साल के 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक है. इससे अधिक जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
वीटा बूथ में महिलाओं को आरक्षण
बजट में सीएम नायब सैनी ने 2 हजार नए वीटा बूथ खोलने की घोषणा की है. इनमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए 20% आरक्षण का लाभ दिया जाएगा. ‘हर नारी- स्वस्थ नारी’ की पहल करते हुए प्रदेश के हर जिले में ‘स्वस्थ नारी क्लीनिक’ खोलने की घोषणा की गई है.
पिंक कैब योजना का रखा प्रस्ताव
महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा बजट में ‘पिंक कैब योजना’ का प्रस्ताव रखा गया है, जिसके तहत महिलाओं को ड्राइविंग ट्रैनिंग और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा.
अपने बजट भाषण में महिलाओं के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई महिला अपने नाम पर वाहन खरीदती है तो उसे मोटर व्हीकल टैक्स में 1% की छूट का लाभ दिया जाएगा. इलेक्ट्रिक वाहनों पर पहले से मिल रही 20% टैक्स छूट में और बढ़ोतरी की जाएगी ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ाई जा सके. महिलाओं के लिए संचालित हो रही विशेष बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 करने का भी प्रस्ताव बजट में रखा गया है.
