चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं के लिए बड़ी योजना तैयार की है. ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत, 45.62 लाख महिलाओं को ₹2100 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इस योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा, जिनकी उम्र 23 से 60 वर्ष के बीच है, जिनके पति- पत्नी की वार्षिक आय ₹3 लाख से अधिक नहीं है.
इन महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री कार्यालय में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई. पहले चरण में गरीबी रेखा के नीचे आने वाली लगभग 25 लाख महिलाओं को ₹2100 प्रतिमाह देने का प्रस्ताव था, जिनकी वार्षिक आय ₹1.80 लाख तक है. केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया. अब उनके निर्देशों के अनुसार, पहले चरण में ही सभी पात्र महिलाओं को लाभ दिया जाएगा. शर्त यह होगी कि पति-पत्नी की वार्षिक आय ₹3 लाख से कम हो और महिला किसी प्रकार की पेंशन प्राप्त न कर रही हो.
1 नवंबर से लागू होगी योजना
सरकार का मानना है कि योजना को दो चरणों में लागू करने से लाभ कम और नुक्सान ज्यादा होगी. इसलिए इसे एक ही चरण में शुरू किया जाएगा. मुख्यमंत्री कार्यालय में इस पर सहमति बन चुकी है. यह योजना हरियाणा दिवस यानी 1 नवंबर 2025 से शुरू की जाएगी. मुख्यमंत्री इस अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योजना का शुभारंभ करेंगे.
बजट में हुआ 5 हजार करोड़ का प्रावधान
वर्ष 2025- 26 के बजट में ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के लिए ₹5000 करोड़ का प्रावधान किया गया है. हर महीने 45.6 लाख महिलाओं को ₹2100 देने पर सरकार पर ₹980 करोड़ वार्षिक खर्च आएगा. पहले ही सरकार द्वारा पेश किए बजट में इसका प्रावधान किया जा चुका है. इस हिसाब से 2029 के विधानसभा चुनाव तक इस योजना में बजट की कोई समस्या नहीं आएगी. अगर सरकार केवल ₹1.80 लाख वार्षिक आय वाली महिलाओं को ही शामिल करती, तो यह खर्च ₹450 करोड़ वार्षिक तक सीमित रह सकता था.
