हरियाणा: खाप पंचायतों ने किया ऐलान, अब अग्निपथ स्कीम के लिए आवेदन करने वालों का होगा बहिष्कार

चंडीगढ़ | हरियाणा में सेना में भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना का विरोध किसान आंदोलन की राह पर बढ़ता दिख रहा है. हरियाणा की कुछ खाप पंचायतों के नेताओं ने अपील की है कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती के लिए आवेदन करने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाए. इतना ही नहीं खाप नेताओं ने बीजेपी और जननायक जनता पार्टी के नेताओं के विरोध का भी आह्वान किया है. इसके अलावा योजना का समर्थन करने वाले कॉरपोरेट घरानों का विरोध करने की भी अपील की गई है. बता दें कि आनंद महिंद्रा समेत कई कारोबारियों ने इस योजना का समर्थन किया है और अग्निवीर के रूप में सेवानिवृत्त होने वाले युवाओं को नौकरी देने का आश्वासन दिया है.

panchayat 2

खबरों के मुताबिक बुधवार को हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला कस्बे में खाप पंचायतों और कुछ अन्य समुदायों के नेताओं की बैठक हुई. इस बैठक में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के नेताओं ने भाग लिया. इसके अलावा कुछ छात्र संगठनों ने भी इसमें भाग लिया. इस बैठक की अध्यक्षता करने वाले धनखड़ खाप के नेता ओपी धनखड़ ने कहा कि हम उन लोगों का बहिष्कार करने का प्रयास करेंगे जो इस योजना के तहत नौकरी के लिए आवेदन करेंगे. हम इस योजना का विरोध कर रहे हैं, जो अग्निवीर के नाम पर युवाओं को मजदूर बनाने की कोशिश है.

क्या इस योजना के तहत आवेदन करने वालों का बहिष्कार किया जाएगा? इस सवाल पर धनखड़ ने कहा कि हम बॉयकॉट शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, लेकिन उनसे सामाजिक दूरी बनाकर रखी जाएगी. दरअसल, सेना ने अग्निवीरों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है और इसके लिए जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा. योजना के अनुसार अग्निवीर के रूप में भर्ती किए गए लोगों का कार्यकाल 4 वर्ष का होगा और उसके बाद 75 प्रतिशत को छुट्टी दे दी जाएगी और शेष 25 प्रतिशत को नियमित सैनिकों के रूप में भर्ती किया जाएगा.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.