चंडीगढ़ | हरियाणा में पंडित दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार ने इस योजना में एक नया बदलाव कर दिया है. चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि अब राज्य की पात्र लाभार्थी महिलाओं के बैंक अकाउंट में हर महीने 2,100 रुपए नहीं बल्कि 1,100 रुपए आएंगे. यह नई व्यवस्था फरवरी महीने से इस योजना में लागू हो जाएगी.
हरियाणा लाडो लक्ष्मी योजना
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 2,100 रुपए की धनराशि में से 1 हजार रुपए की धनराशि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित आवर्ती जमा (RD) या सावधि जमा (FD) अकाउंट में जमा की जाएगी.
उन्होंने बताया कि यह कदम महिलाओं के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित करने के लिए उठाया गया है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि किसी दुर्भाग्यवश स्थिति में लाभार्थी महिला की मृत्यु हो जाती है तो यह पूरी राशि उसके नॉमिनी को तुरंत जारी कर दी जाएगी.
तीसरी किस्त हुई जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाई गई लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रदेश की 8,63,918 महिलाओं के बैंक खातों में 181 करोड़ रुपए की तीसरी किस्त जारी कर दी गई है. आज की राशि को मिलाकर तीन किस्तों में कुल 441 करोड़ रुपए की धनराशि इस योजना के तहत जारी हो चुकी है.
इन्हें भी मिलेगा लाभ
वहीं, सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले जो बच्चे कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा में 80% अंक प्राप्त करते हैं, उनकी माताओं को भी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा. इसके अलावा कुपोषण की श्रेणी से अपने बच्चों को बाहर निकालने वाली माताओं को भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा.
