चंडीगढ़ | हरियाणा में स्कॉलरशिप के लिए स्टूडेंट्स का बैंक खाता अब आधार से लिंक किया जाएगा. स्टूडेंट को दी जाने वाली स्कॉलरशिप योजना के लिए एक रिव्यू मीटिंग हुई, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से ये निर्देश दिए गए है. इस मीटिंग में एससी और बीसी विद्यार्थियों को दी जाने वाली स्कॉलरशिप योजनाओं के बारे में चर्चा हुई.
31 जनवरी तक करें अप्लाई
सीएम ने कहा कि सभी पात्र विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप का लाभ दिया जाए. उन्होंने कहा कि सभी पात्र विद्यार्थियों का बैंक अकाउंट आधार से लिंक करवा के वक़्त पर स्कॉलरशिप दी जाने की जिम्मेदारी अधिकारियों की रहेगी. हरियाणा में जो भी छात्र- छात्राएं इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वो 31 जनवरी 2026 तक पोर्टल saralharyana.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं.
विद्यार्थियों को मिलेगी आर्थिक मजबूती
सीएम ने कहा निरंतर बढ़ती प्रतिस्पर्धा के युग में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, विमुक्त घुमंतु, टपरीवास श्रेणी और अन्य वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को ज्यादा से ज्यादा आर्थिक सहयोग और प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ये योजना संचालित की जा रही है. लाभार्थी विद्यार्थियों को कक्षा और प्राप्तांक के आधार पर 8 हजार रुपए से 12 हजार रुपए तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी. इससे विद्यार्थी आर्थिक रूप से मजबूत हो पाएंगे.
इस प्रकार मिलेगा लाभ
योजना के तहत, अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में शहरी क्षेत्रों में 70 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 8 हजार रुपए, 12वीं कक्षा में क्रमश: 75 प्रतिशत और 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 8 हजार रुपए से 10 हजार रुपए तक और स्नातक स्तर पर 65 प्रतिशत (शहरी) और 60 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर 9 हजार रुपए से 12 हजार रुपए तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी.
इसी तरह पिछड़ा वर्ग (ए) के विद्यार्थियों को 10वीं क्लास में 70 प्रतिशत (शहरी) और 60 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक लेने पर 8 हजार रुपए, पिछड़ा वर्ग (बी) के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत (शहरी) एवं 75 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर 8 हजार रुपए और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत (शहरी) एवं 75 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर 8 हजार रुपए की स्कॉलरशिप मिलेगी.
