सोनीपत | हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी- अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी द्वारा पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम में मेयर पद हेतु उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं.

INLD ने घोषित किए उम्मीदवार
इस चुनावी रण में कभी हरियाणा की राजनीति का केंद्र रही इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी (INLD) भी शामिल हो गई है. इनेलो ने पंचकूला और सोनीपत नगर निगम सीट पर मेयर पद हेतु अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. पार्टी ने सोनीपत से एडवोकेट आनंद खत्री और पंचकूला से मनोज अग्रवाल के नाम पर सहमति जताई है.
शहरी निकाय चुनावों पर तैयारियों को लेकर INLD सुप्रीमो अभय चौटाला ने कहा कि हमारी पार्टी शहरी क्षेत्रों के स्थानीय मुद्दों को लेकर लोगों के बीच वोटों की अपील करेगी. शहरों में बुनियादी सुविधाओं जैसे बिजली- पानी, पक्की सड़कें, साफ- सुथरे शौचालय, पार्क आदि के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ा जाएगा. बीजेपी और कांग्रेस दोनों के शासनकाल से शहर की जनता भली- भांति परिचित हैं. अब लोग बदलाव के मूड में नजर आ रहे हैं और हमें पूरी उम्मीद है कि शहरी निकाय चुनावों में इनेलो पार्टी अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन करेगी.
10 मई को होगी वोटिंग
पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम तथा रेवाड़ी नगर परिषद् व धारूहेड़ा, सांपला तथा उकलाना नगर पालिका के लिए चुनाव होना है. इन सभी जगहों पर 10 मई को वोटिंग होगी. वहीं, किसी कारणवश पुनर्मतदान की नौबत आई तो 12 मई को मतदान होगा. 13 अप्रैल को इन चुनावों के परिणाम घोषित होंगे.