चंडीगढ़ | हरियाणा में खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश में कोर्फबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (HOA) के अंतर्गत हरियाणा कोर्फबॉल एसोसिएशन का गठन किया गया है. उचाना विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री को इस एसोसिएशन का अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, जेल विभाग के IG संजय सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है.
हरियाणा कोर्फबॉल एसोसिएशन में अंकित श्योराण और सतगुरु सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्रवीण कुमार को एसोसिएशन का सचिव नियुक्त किया गया है. पूर्व सरपंच रविंद्र सांगवान और प्रदीप कुमार को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कैसे खेला जाता है कोर्फबॉल
कोर्फबॉल एक अनूठा, मिश्रित- युगल वाला टीम गेम हैं, जो बास्केटबॉल और नेटबॉल से काफी मिलता- जुलता खेल है. इसमें 8 खिलाड़ियों की दो टीमें (4 महिला और 4 पुरुष) साढ़े 3 मीटर ऊंचे बिना नेट वाले बास्केट (कोर्फ) में गेंद डालकर गोल करते हैं. इस खेल की शुरुआत साल 1902 में नीदरलैंड्स से हुई थी, जिसमें शारिरिक संपर्क सीमित होता है और लिंग समानता पर जोर दिया जाता है.
खिलाड़ियों को मिलेगी तमाम सुविधाएं
बीजेपी विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में एक नए कोर्फबॉल खेल की शुरुआत की गई है. इस खेल की बारिकियों से खिलाड़ियों को निपुण बनाने के लिए प्रदेश के प्रमुख खेल स्टेडियमों में जल्द ही प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. इसके अलावा इस खेल से संबंधित जो भी खेल उपकरण की जरूरत होगी, खिलाड़ियों को मुहैया करवाए जाएंगे ताकि जल्द से जल्द इस खेल के लिए उच्चस्तरीय खिलाड़ी तैयार किए जा सकें. उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सूबे की बीजेपी सरकार प्रतिबद्ध है. इसके लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं.
