चंडीगढ़ | हरियाणा में पंडित दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार ने इस योजना में एक नया बदलाव कर दिया है. चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि अब राज्य की पात्र लाभार्थी महिलाओं के बैंक अकाउंट में हर महीने 2,100 रुपए नहीं बल्कि 1,100 रुपए आएंगे. यह नई व्यवस्था फरवरी महीने से इस योजना में लागू हो जाएगी.
हरियाणा में महिलाओं की होगी FD
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 2,100 रुपए की धनराशि में से 1 हजार रुपए की धनराशि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित आवर्ती जमा (RD) या सावधि जमा (FD) अकाउंट में जमा की जाएगी. लाभार्थी महिला की मृत्यु की स्थिति में यह राशि उसके नॉमिनी को तुरंत जारी की जाएगी.
तीसरी किस्त हुई जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाई गई लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रदेश की 8,63,918 महिलाओं के बैंक खातों में 181 करोड़ रुपए की तीसरी किस्त जारी कर दी गई है. आज की राशि को मिलाकर तीन किस्तों में कुल 441 करोड़ रुपए की धनराशि इस योजना के तहत जारी हो चुकी है.
उन्होंने बताया कि हर घर- हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के तौर 6,08,842 लाभार्थियों को 18.56 करोड रुपये जारी गए हैं. इस योजना के तहत, योग्य महिलाओं को हर महीने 500 रुपये की सब्सिडी वाली कीमत पर गैस सिलेंडर दिया जाता है. आज जारी की गई सब्सिडी अक्टूबर 2025 महीने की है. नवंबर तथा दिसंबर 2025 की सब्सिडी की रकम जल्द ही जारी की जाएगी.
किसानों को राहत
CM नायब सैनी ने बताया कि कृषि से जुड़ी 5 योजनाओं के लिए कुल 659 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं. इसमें पराली न जलाने वाले 5 लाख 54 हजार से ज्यादा किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 461 करोड़ 75 लाख रुपए दिए गए हैं. किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन मशीनें खरीदने के लिए 85 करोड़ 10 लाख रुपए की सब्सिडी भी दी गई है.
धान की सीधी बुआई करने वाले 31,605 किसानों को 75. 54 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि मिली है. ‘मेरा पानी मेरी विरासत‘ योजना के तहत साढ़े 13 हजार किसानों को 15.75 करोड़ रुपए दिए गए हैं. आलू और फूल गोभी की खेती करने वाले 4073 किसानों को भावांतर भरपाई योजना के तहत 20 करोड़ रुपए की मदद दी गई है.
