चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. बुधवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. जींद, हिसार, फरीदाबाद, पानीपत, गुरुग्राम, पलवल और महेंद्रगढ़ में सुबह से बारिश हुई, जबकि कैथल, भिवानी, करनाल और सोनीपत में बादल छाए रहे. मौसम विभाग ने इन जिलों में भी बारिश की संभावना जताई है. भारत मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार, बुधवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद के अलग- अलग इलाकों में गरज- चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है.

विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. मौसम विभाग का कहना है कि आज और कल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.
हरियाणा मौसम अपडेट
कुछ दिनों के लिए मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं. हालांकि, 27 जुलाई के आसपास मानसून फिर से सक्रिय होगा और हरियाणा के अधिकांश जिलों में दोबारा बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून ट्रफ इस समय अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है. यह गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. इसके अलावा हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने मानसून को और मजबूत कर दिया है. इसी वजह से प्रदेश में स्थानीय स्तर पर घने बारिश वाले बादल बन रहे हैं और कई जिलों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है.
सबसे ज्यादा बारिश
लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है. प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. बुधवार को यमुनानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, हिसार में 31.3 डिग्री, रोहतक में 31.6 डिग्री, अंबाला में 32.5 डिग्री और गुरुग्राम में 30.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
प्रशासन अलर्ट
रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. भिवानी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा महेंद्रगढ़ (नारनौल) में 23.5 डिग्री, चंडीगढ़ में 24.7 डिग्री, हिसार और गुरुग्राम में 25 डिग्री, करनाल में 25 डिग्री, यमुनानगर में 25.3 डिग्री, कैथल और रेवाड़ी में 25.6 डिग्री, अंबाला और फतेहाबाद में 26.4 डिग्री, सोनीपत में 26.5 डिग्री, रोहतक और नूंह में 26.8 डिग्री, जींद में 27 डिग्री और सिरसा में 27.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. लगातार बारिश से किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है.