चंडीगढ़ | हरियाणा के खिलाड़ियों और कोच के लिए खेल विभाग खुशखबरी देने की तैयारी कर रहा है. विभाग द्वारा खिलाड़ियों का डाइट भत्ता 400 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये करने का प्रस्ताव भेजा गया है. वहीं निजी कोच को मिलने वाला मासिक मानदेय बढ़ाकर 40,000 रुपये और 50,000 रुपये किया गया है. इससे पहले इन्हें 20,000 से 25,000 रुपये महीना वेतनमान दिया जा रहा था.

खिलाड़ियों को भी लाभ
सरकार आवासीय खेल अकादमी में ट्रेनिंग लेने वाले खिलाड़ियों का भी डाइट भत्ता बढ़ाएगी. खेल विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर सरकार मंथन कर रही है. प्रदेश में 21 आवासीय खेल अकादमियां वर्तमान में संचालित हो रही हैं, जहां खिलाड़ी विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण ले रहे हैं. सरकार द्वारा 8 से 14 साल आयु वर्ग के खिलाड़ियों की मासिक राशि को 500 रुपये बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है.
इन खिलाड़ियों को होगा लाभ
15 से 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को भी 1,000 रुपये की बढ़ोतरी के बाद 3,000 रुपये मासिक राशि दी जाएगी. इस विषय में जानकारी देते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि वर्तमान में 1,500 खेल नर्सरियां संचालित की जा रही हैं. इनकी संख्या को बढ़ाकर 2,000 किया जा रहा है. इनमें 8 से 19 वर्ष तक के युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा.