चंडीगढ़ | हरियाणा में अगले साल होने वाले 20 नगर परिषद और 46 नगर पालिकाओं के आम चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं. शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने संबंधित निकायों में वार्डों के परिसीमन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं. वार्डबंदी के लिए एक अक्टूबर की जनसंख्या को आधार बनाया जाएगा, जबकि वार्डों का निर्धारण परिवार पहचान पत्र (PPP) के आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा.

शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने सभी 66 नगर निकायों के लिए वार्ड परिसीमन संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है. इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद चुनाव की आगे की तैयारियां तेज होंगी.
नगर निकाय चुनाव
जिन 20 नगर परिषदों में चुनाव होने हैं, उनमें चरखी दादरी, फतेहाबाद, टोहाना, सोहना, हांसी, बहादुरगढ़, जींद, नरवाना, कैथल, नारनौल, पलवल, होडल, मंडी डबवाली, गोहाना, कालका, झज्जर, नूंह, भिवानी, समालखा और बरवाला शामिल हैं. इसी तरह 46 नगर पालिकाओं में कुंडली, सढ़ौरा, इस्माईलाबाद, नारायणगढ़, रतिया, भूना, सफीदों, उचाना, घरौंडा, तरावड़ी, असंध, निसिंग, शाहाबाद, लाडवा, पिहोवा, चीका, राजौंद, महेंद्रगढ़, नांगल चौधरी, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, बावल, महम, ऐलनाबाद, रानियां, गन्नौर सहित अन्य नगर पालिकाओं में चुनाव कराए जाएंगे.
परिसीमन के आदेश जारी
विभाग के अनुसार, इन निकायों का मौजूदा कार्यकाल अगले वर्ष जून में समाप्त होगा. इनमें 18 नगर परिषद और 28 नगर पालिकाओं के चुनाव 19 जून 2022 को हुए थे. कार्यकाल पूरा होने से पहले वार्ड परिसीमन और अन्य चुनावी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी. परिवार पहचान पत्र के अद्यतन आंकड़ों के आधार पर वार्डबंदी होने से जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व होगा और चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगी.