चंडीगढ़ | हरियाणा की महिलाओं के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है. दरअसल, प्रदेश में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के संकल्प पत्र में महिलाओं को लेकर यह वादा किया गया था कि उन्हें हर महीने 2100 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी. अब कयास लगाए जा रहे हैं कि रक्षाबंधन के पर्व पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसको लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं.
भेजा गया ड्राफ्ट
बताया जा रहा है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा इस योजना को लागू करने के लिए एक ड्राफ्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को मंजूरी के लिए भेजा गया है. जो महिलाएं नौकरी करती हैं या पहले से पेंशन प्राप्त कर रही हैं, उन्हें इस योजना से बाहर रखा जा सकता है. 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन या उससे पहले योजना की घोषणा की संभावना है. मुख्यमंत्री पहले ही बता चुके हैं कि योजना के रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल की तैयारी की जा रही है और ऐलान के साथ ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
गरीब महिलाओं को मिलेगा पहले लाभ
भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने संकल्प पत्र में 20 प्रमुख वादे किए थे. उनमें सबसे प्रमुख था महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए भेजने का. पहले इसमें सभी महिलाओं को शामिल करने की बात कही गई थी, लेकिन अब ऐसी भी खबरे आ रही हैं कि यह लाभ केवल गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को ही मिलेगा.
4 फेज में लागू होगी योजना
अनुमान है कि यह योजना सरकार द्वारा 4 फेज में शुरू की जा सकती है. पहले फेज़ में आर्थिक रूप से सबसे ज्यादा कमजोर महिलाओं को शामिल किया जाएगा. प्रदेश में बीपीएल कार्ड धारकों की संख्या लगभग 46 लाख है. ऐसे में पीपीपी में दर्ज आय के अनुसार, उन महिलाओं को पहले जोड़ा जाएगा जिनकी वार्षिक आय 1 लाख रुपए से कम है. हरियाणा में 18 से 60 वर्ष की करीब 75 लाख महिलाएं हैं, जिन्हें दूसरे, तीसरे और चौथे फेज में योजना से जोड़ा जाएगा, बशर्ते वे सरकार द्वारा तय मानकों में आती हों.
