दिलचस्प हुआ हरियाणा में राज्यसभा चुनाव, INLD की चुप्पी ने बढ़ाई उत्सुकता; हिमाचल शिफ्ट होंगे कांग्रेसी विधायक

चंडीगढ़ | हरियाणा में राज्यसभा चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है. 2 सीटों पर तीन उम्मीदवार मैदान में उतरने से चुनाव में उत्सुकता और ज्यादा बढ़ चुकी है. इस चुनाव के लिए 16 मार्च को वोटिंग होगी और उसी दिन शाम को रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा. इस चुनाव में हर एक विधायक का वोट निर्णायक भूमिका अदा करेगा.

Election Vote Chunav

INLD के स्टैंड पर सबकी निगाहें

इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी (INLD) के दो वोटों पर कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों की निगाहें टिकी हुई है. INLD ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं. पार्टी के वरिष्ठ नेता संपत सिंह ने बताया कि इस विषय पर बैठक के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा. ऐसे में वोटिंग के दिन INLD के रूख से प्रदेश की राजनीति में नई बहस भी छिड़ सकती है.

अमित शाह के करीबी पहुंचे हरियाणा

राज्यसभा चुनाव को लेकर BJP हर एक कदम सोच-विचार कर उठा रही है. केंद्रीय हाईकमान ने हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए हर्ष सांघवी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. कल रात उन्होंने पंचकूला पहुंचकर केंद्रीय उर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री नायब सैनी और सभी मंत्रियों के साथ लंबी बैठक कर सभी को टास्क दे दिया है. तय किया गया है कि पार्टी के सभी प्रमुख नेता 13 मार्च से मोर्चा संभालेंगे. बता दें कि हर्ष सांघवी की गिनती अमित शाह के करीबियों में होती है.

वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस व INLD के बीच बीजेपी की B टीम होने का आरोप- प्रत्यारोप चल रहा है. दोनों ही पार्टियों के नेताओं के बीच काफी दिनों से शीतयुद्ध चल रहा है. कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि INLD बीजेपी या उसके समर्थित प्रत्याशी को वोट करती है तो एक बार फिर खुलासा हो जाएगा कि INLD बीजेपी की B टीम है.

यह भी पढ़े -  रोहतक में दुष्यंत चौटाला ने साधा निशाना, बोले- "SYL और यमुना जल पर जवाब दे हरियाणा सरकार"

क्रॉस वोटिंग से बिगड़ेगा खेल

हरियाणा में राज्यसभा की 2 सीटों पर तीन उम्मीदवार चुनावी रण में ताल ठोक चुके हैं. BJP ने संजय भाटिया तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने कर्मवीर सिंह बौद्ध को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. जबकि बीजेपी नेता सतीश नांदल निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर राज्यसभा चुनाव लड़ रहे हैं. मौजूदा विधानसभा के विधायकों की संख्या के हिसाब से देखें तो बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों को 1- 1 सीट पर आसानी से जीत हासिल हो रही है. यदि कांग्रेस पार्टी के विधायकों की ओर से क्रॉस वोटिंग हुई तो फिर खेल बिगड़ सकता है और कांग्रेस प्रत्याशी की जगह निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल की जीत का दांव लग सकता है.

हिमाचल जाएंगे कांग्रेस विधायक

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग से घबराई कांग्रेस ने अपने सभी 37 विधायकों को हिमाचल प्रदेश शिफ्ट करने की तैयारियां शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि 13 मार्च को सभी विधायकों को हिमाचल प्रदेश भेजा जा सकता है. कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद 12 मार्च को चंडीगढ़ पहुंचेंगे और विधायकों के साथ वे भी हिमाचल प्रदेश जा सकते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.