चंडीगढ़ | कड़ाके की ठंड के बीच हरियाणा में राजनीतिक पारा गर्माया हुआ है. विधानसभा के बजट सत्र की तारीख का ऐलान हो चुका है. ऐसे में बजट सत्र को लेकर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारियां शुरू कर दी है. इस संबंध में सभी कांग्रेसी विधायकों को दिल्ली तलब किया गया है.
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ने बुलाई बैठक
20 फरवरी से शुरू हो रहे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र को लेकर कांग्रेस ने रणनीति को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भुपेंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में सभी 37 कांग्रेस विधायकों को दिल्ली बुलाया गया है. यह बैठक नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में आयोजित होगी जिसमें हरियाणा के पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद भी उपस्थित रहेंगे.
इस बैठक में प्रभारी बीके हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा, हरियाणा की बीजेपी सरकार को घेरने के लिए मुद्दों पर बातचीत करेंगे. विधानसभा के बजट सत्र में किस तरह सरकार पर मुद्दों के साथ दबाव बनाया जा सकता है, इस बारे में बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी.
शीतकालीन सत्र में जमकर हुआ था हंगामा
बता दें कि गत दिनों आयोजित हुए हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी सरकार की नीतियों को लेकर खूब हंगामा किया था. ज्यादा बारिश से खेतों में जलभराव, मुआवजा, राशनकार्ड, भर्तियों में धांधली जैसे मुद्दों पर कांग्रेस हमलावर नजर आई थीं. इसके अलावा पार्टी के युवा विधायकों की एक ही तरह की ग्रीन जैकेट पहन कर आना भी सुर्खियां बटोर रही थी.
इसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भुपेंद्र हुड्डा ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर दोपहर के भोजन का भी आयोजन किया है. इस तरह का आयोजन भुपेंद्र हुड्डा हर साल करते हैं. इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा की ओर से पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ हरियाणा कांग्रेस के उन नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है, जिनके पूर्व मुख्यमंत्री के साथ मतभेद रहते हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि वह नेता भोज कार्यक्रम के लिए दिए गए निमंत्रण में आते हैं या नहीं.
