चंडीगढ़ | हरियाणा में खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां राज्य ओलंपिक संघ द्वारा 13 साल बाद स्टेट गेम्स का आयोजन करवाया जा रहा है. इन खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का रैंडम सैंपल लिया जा सकता है और इसके लिए यहां नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) की टीमें मौजूद रहेंगी.
ग्रुप D नौकरी के लिए मान्य होंगे सर्टिफिकेट
ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित इन स्टेट गेम्स के विजेता खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट जारी किए जाएंगे. इन सर्टिफिकेट के आधार पर खिलाड़ी खेल विभाग से ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनवा सकेंगे. हरियाणा सरकार की खेल नीति 2018 के अनुसार ये ग्रेडेशन सर्टिफिकेट ग्रुप D की नौकरी के लिए मान्य होंगे.
हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मीनू बैनिवाल ने बताया कि 2 अक्टूबर से गुरुग्राम में स्टेट गेम्स आयोजित हो रहे हैं, जिसका शुभारंभ सीएम नायब सैनी करेंगे. उन्होंने बताया कि हरियाणा की खेल नीति 2018 में शामिल खेलों को इसमें शामिल किया गया है. इन खेलों में प्रदेश के साढ़े 8 हजार खिलाड़ी व खेल सहायक हिस्सा लेंगे. हर साल इन खेलों का आयोजन होगा.
प्रथम चरण में 25 खेलों को स्थान
हरियाणा ओलिंपिक संघ के स्टेट गेम्स में वेटलिफ्टिंग, फेंसिंग, आर्चरी, टेनिस, हैंडबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, नेटबॉल, बास्केटबॉल, कुश्ती, कबड्डी, जूडो, बैडमिंटन, साइक्लिंग, वॉलीबॉल, ट्रायथलन, स्विमिंग, वॉटरपोलो, बॉक्सिंग, कराटे, फुटबॉल, नौकायान, शूटिंग गेम्स शामिल होंगे.
ओलिंपिक संघ द्वारा 11 स्थानों पर इन खेलों का आयोजन करवा रहा है. जिसमें चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, झज्जर, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रोहतक और हिसार शहर अपेक्षित सेंटर होंगे. वहीं, हरियाणा में शूटिंग रेंज नहीं होने के कारण शूटिंग की व्यवस्था दिल्ली की करणी रेंज पर की गई है.
हर खेल में टॉप 8 टीमें होगी शामिल
टीम प्रतियोगिताओं में हरियाणा की 8 टीमें हिस्सा लेंगी. वहीं, मेजबान जिले की एक टीम को हिस्सा लेने की अनुमति होगी. हरियाणा पुलिस व HSIIDC, हरियाणा पावर, स्पोर्ट्स यूनिविर्सिटी राई, शाह सतनाम सिंह खेल एकेडमी की टीम भी हिस्सा ले सकती हैं.
अध्यक्ष मीनू बैनिवाल ने बताया कि विशेष परिस्थतियों में एचओए भी अपनी टीम भेज सकता है. एकल प्रतियोगिताओं में उच्च श्रेणी के 8 खिलाड़ी भाग ले सकेंगे. खिलाड़ियों का चयन विगत में हुई प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं व खेल विभाग द्वारा आयोजित खेल महाकुंभ के आधार पर होगा.
