हरियाणा की बेटी अंशिका का बॉक्सिंग में जलवा, जॉर्डन में जीता गोल्ड मेडल

चरखी दादरी | खेल मैदान से हरियाणा (Haryana) के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां चरखी दादरी जिले की मुक्केबाज बेटी अंशिका ने जॉर्डन में आयोजित हुई U- 17 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया. फाइनल मुकाबले में उन्होंने मेजबान जॉर्डन की खिलाड़ी अललनवेश जाना को हराते हुए भारत की झोली में स्वर्ण पदक डाला. उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में खुशियों का माहौल बना हुआ है.

Anshika Charkhi Dadri

अंशिका के पंचों से विरोधी खिलाड़ी हुई परास्त

U- 17 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 80+ किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंशिका ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मैच में जगह बनाई थी. फाइनल मैच में भी उन्होंने अपने दमदार खेल का प्रदर्शन जारी रखते हुए जॉर्डन की खिलाड़ी अललनवेश जाना पर मैच की शुरुआत में ही मुक्के बरसाना शुरू कर दिया और उसे रिंग में टिकने ही नहीं दिया. उन्होंने मात्र 1 मिनट 36 सेकंड में विरोधी खिलाड़ी को हराते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया.

खिलाड़ियों को मिलेगी प्रेरणा

मुख्य कोच कप्तान सिंह ने अंशिका को गोल्ड मेडल जीतने की बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि अंशिका की इस सफलता से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी, जो भारतीय बॉक्सिंग को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने में निर्णायक सिद्ध होगी. उन्होंने देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. आज पूरे देश को बेटी अंशिका पर गर्व है.

गर्मजोशी से होगा स्वागत

कप्तान सिंह ने बताया कि अंशिका चरखी दादरी में कलियाणा रोड सेक्टर-8 स्थित श्योनाथ नंबरदार बॉक्सिंग एकेडमी में अभ्यास करती है. उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर देश के साथ- साथ हरियाणा और चरखी दादरी जिले का नाम रोशन किया है. बेटी अंशिका का देश लौटने पर ढोल- नगाड़ों और फूल- मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.