मुंबई | सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद एनसीबी लगातार ड्रग्स मामले में कई लोगों पर शिकंजा कस चुका है. इसमें बॉलीवुड टाउन की कई मशहूर हस्तियों के नाम शामिल हो चुके हैं. आज एनसीबी ने मुंबई में तीन जगह छापेमारी की है जिनमें कॉमेडियन भारती सिंह व उनके पति हर्ष लिंबाचिया के घर पर छापेमारी की है.
जानकारी के मुताबिक उनके फ्लैट पर गांजा बरामद किया गया है जिसके लिए एनसीबी ने दोनों को समन जारी करते हुए नोटिस दिया है. सूत्रों के मुताबिक एनसीबी ने मुंबई के वर्सोवा, लोखंडवाला इत्यादि जगहों पर छापेमारी की है. हाल ही में आई खबरों के अनुसार दोनों पति-पत्नी कुछ देर बाद पूछताछ के लिए NCB के मुंबई स्थित ऑफिस पहुंचेंगे.
हालांकि मुंबई के कई इलाकों में एनसीबी की रेड अब भी जारी है. बता दें कि अभी कुछ समय पहले ही अर्जुन रामपाल और बॉलीवुड निर्माता फिरोज नाडियावाला की पत्नी को भी एनसीबी ने समन जारी किए थे. अतः ड्रग्स मामलों को लेकर एनसीबी अब कोई कोताही न बरतते हुए लगातार सख्त रुख अपनाता जा रहा है.
