फरीदाबाद- गुरुग्राम सफर होगा आसान, बल्लभगढ़-सोहना रोड का निर्माण शुरू

फरीदाबाद | हरियाणा में फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने का प्रयास जारी है. बता दें कि बल्लभगढ़- समयपुर- सिरमथला- सोहना सड़क परियोजना पर जल्द काम शुरू होने जा रहा है. लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से बनाई जा रही इस सड़क के लिए सोमवार को निर्माण मशीनरी साइट पर पहुंच गई. विभागीय अधिकारियों के अनुसार एक-दो दिन में निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा. इस सड़क के तैयार होने से फरीदाबाद, गुरुग्राम और पलवल के हजारों वाहन चालकों को रोजाना राहत मिलेगी.

Sadak Highway Road

वर्तमान में फरीदाबाद- गुरुग्राम रोड चार लेन होने के बावजूद वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण लोगों को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या का सामना करना पड़ता है. ऐसे में नई सड़क को वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित किया जा रहा है.

फरीदाबाद- गुरुग्राम सफर होगा आसान

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सोहना क्षेत्र से एक और सड़क सीधे जुड़ती है, इसलिए सरकार ने इस रूट को विकसित करने का निर्णय लिया है. सड़क बनने के बाद फरीदाबाद- गुरुग्राम 4 लेन मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात अधिक सुगम बन सकेगा. साथ ही, दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आने की उम्मीद है. यह सड़क गुरुग्राम के निमोठ गांव से शुरू होकर समयपुर और सिरमथला होते हुए फरीदाबाद के जेसीबी चौक तक पहुंचेगी. इसके रास्ते में एक दर्जन से अधिक गांव, कॉलोनियां और सेक्टर भी आते हैं जिन्हें बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा.

रोड का निर्माण शुरू

परियोजना के तहत गुरुग्राम क्षेत्र में करीब साढ़े 5 किलोमीटर और फरीदाबाद में लगभग 8 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा. फरीदाबाद क्षेत्र में करीब 800 मीटर सड़क को सीमेंटेड बनाया जाएगा, क्योंकि इसके आसपास घनी आबादी है. इस हिस्से में जलभराव की स्थिति बनने पर भी सड़क को नुकसान नहीं होगा. शेष मार्ग तारकोल मिश्रण से तैयार किया जाएगा. सड़क के किनारे कई मल्टीनेशनल कंपनियों ने बड़े भू- भाग खरीदे हैं और यहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है. 15 से अधिक बड़े प्लॉटों पर उद्योग स्थापित करने का कार्य शुरू हो चुका है. इसके अलावा, एक बड़े होटल परियोजना का निर्माण भी इसी रूट पर प्रस्तावित है.

यह भी पढ़े -  फरीदाबाद-पलवल के यात्रियों को राहत, दो ईएमयू ट्रेनों का रूट बढ़ा

ईंधन की बचत

सड़क बनने के बाद जेसीबी चौक से सोहना की दूरी महज 20 से 25 मिनट में तय की जा सकेगी, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी. लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अधिकारी रामप्रकाश ने बताया कि ठेकेदार को जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. निर्माण के लिए आवश्यक मशीनें मौके पर पहुंच चुकी हैं. जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.