फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे को राजमार्ग से सीधी कनेक्टिविटी देने के लिए एलिवेटेड पुल का निर्माण किया जाएगा. इसके बनने से यहां से आवाजाही करने वाले लाखों वाहनों का सफर आसान बनेगा. IMT में उद्योग रफ्तार पकड़ेगा, तो हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

3 एक्सप्रेसवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा मोहना रोड पर सेक्टर- 64 से लेकर दशहरा मैदान तक एलिवेटेड पुल बनाया जा रहा है. इस पुल को अब दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए मोहना रोड की खोदाई का काम शुरू कर दिया गया है. इससे लोगों को उम्मीद जगी है कि जल्दी ही यह सड़क मार्ग फोरलेन बन जाएगा.
मोहना रोड को फोरलेन बनाने और एलिवेटेड पुल निर्माण से दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और KGP एक्सप्रेसवे से आवागमन वाले वाहन सीधे राजमार्ग के लिए आवाजाही कर सकेंगे और राजमार्ग से आने वाले वाहन सीधे इन एक्सप्रेसवे पर आवाजाही कर सकेंगे. इस एलिवेटेड पुल निर्माण से सीधी 3 एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मिलेगी.
इन गांवों को पहुंचेगा फायदा
मोहना रोड पर एलिवेटेड पुल निर्माण से चंदावली, मच्छगर, दयालपुर, बुखारपुर, सोतई, बहबलपुर, फतेहपुर बिल्लौच, जुन्हैड़ा, कौराली, अटाली, पन्हैड़ा कलां, पन्हैड़ा खुर्द, गढ़खेड़ा, नरियाला, हीरपुर, छांयसा, मोहना, मोठूका, नंगला, नरहावली, बागरपुर खादर के 15 गांवों और IMT में चल रहे उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा और ट्रैफिक संचालन की आवाजाही सुगम बनाने में मदद मिलेगी.
एलिवेटेड पुल को यदि दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से नहीं जोड़ा जाता, तो इसका लाभ पूरा नहीं मिलता लेकिन अब पुल को दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने से तीन एक्सप्रेसवे से आवागमन करने वाले वाहन चालकों को फायदा पहुंचेगा- जयवीर धनखड़, मच्छगर
मोहना मार्ग पर निर्माणाधीन एलिवेटेड पुल को दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए अब खोदाई का काम शुरू कर दिया गया है. यह भी एलिवेटेड पुल की योजना में शामिल है. मार्ग के फोरलेन बनने से सीधे पुल के ऊपर चढ़ कर दशहरा मैदान तक वाहन पहुंच सकेंगे- प्रकाश लाल, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी