फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद से उत्तर प्रदेश के नोएडा के बीच आवागमन करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि दोनों राज्यों के बीच महत्वाकांक्षी परियोजना मंझावली पुल का बचा हुआ कार्य का निर्माण कार्य आज से शुरू हो जाएगा. हरियाणा सरकार (Haryana Govt) में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग मंत्री राजेश नागर और UP के जेवर से विधायक धीरेन्द्र प्रताप इसका उद्घाटन करेंगे.
सफर करना होगा आसान
इस प्रोजेक्ट को 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर फरीदाबाद से नोएडा का सफर तय करने में मात्र 20 मिनट का समय लगेगा. इस प्रोजेक्ट के तहत नोएडा की ओर 3 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी बाकी है. फरीदाबाद की सीमा में सड़क एवं संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य पूरा किए लगभग 1 साल का समय बीत चुका हैं, लेकिन UP की सीमा में सड़क मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा रहने की वजह से लोगों को मंझावली पुल का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है.
यह परियोजना दिल्ली- NCR के बीच सड़क कनेक्टिविटी को और ज्यादा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी. हरियाणा और UP को जोड़ने वाला यह पुल न केवल ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाएगा बल्कि उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा. एक्सपर्ट का कहना है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर ग्रेटर फरीदाबाद एक प्रमुख ट्रांजिट कॉरिडोर और औद्योगिक हब के रूप में विकसित होगा. साथ ही, दिल्ली और नोएडा से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
केंद्रीय मंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है. साल 2014 में तत्कालीन केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी थी. इसके तहत, यमुना नदी पर मंझावली पुल के जरिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच 29 किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग तैयार किया जा रहा है. इसमें 19 किलोमीटर लंबी सड़क मार्ग हरियाणा सरकार, यमुना नदी पर मंझावली पुल केंद्र सरकार और लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क UP सरकार द्वारा बनाई जा रही है.
