फरीदाबाद | उत्तर प्रदेश के नोएडा में निर्माणाधीन जेवर एयरपोर्ट की दिल्ली- NCR क्षेत्र से सड़क मार्ग के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी के लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक एक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे भी तैयार किया जा रहा है. इस एक्सप्रेसवे के साढ़े 8 किलोमीटर लंबे एक हिस्से को एलिवेटेड बनाया जाएगा, जिसे नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने मंजूरी प्रदान कर दी है.
यहां से शुरू होगा एलिवेटेड रोड
एलिवेटेड सेक्शन के लिए सेक्टर- 65 के पास पिलर निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है. यह सेक्शन दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे और स्थानीय शहर के बुनियादी ढांचे को जोड़ने का काम करेगा. NHAI और हरियाणा सरकार के बीच साझा फंडिंग को लेकर अभी समझौता नहीं हुआ है. यह समझौता होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आएगी. इस हिस्से को एलिवेटेड बनाने से प्रोजेक्ट की कुल लागत 48% बढ़कर 2,450 करोड़ रूपए तक पहुंच सकती है.
यहां से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
31 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन फरीदाबाद- ज़ेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बनाया जा रहा है. यह बल्लभगढ़ से जेवर के दयानतपुर गांव तक वाया चंदावली, सोतई, बहबलपुर, फफूंदा, पन्हेरा खुर्द, नरहवली, महमदपुर, हीरापुर, मोहना और चैनसा आदि गांवों से होकर गुजरेगा.
15 मिनट में पूरा होगा सफर
फरीदाबाद- जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की बदौलत मात्र 15 मिनट में एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा जबकि वर्तमान में दोनों जगहों के बीच की दूरी तय करने में करीब 2 घंटे का समय लगता है. NHAI ने बताया कि इस एक्सप्रेसवे का 22 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और 9 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा.
यह रूट फरीदाबाद और गुरुग्राम दोनों ही शहरों को जेवर एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से आसपास के गांवों में जमीन का भाव आसमान पर पहुंच जाएंगे. इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से उद्योग जगत को रफ्तार मिलेगी.
