फरीदाबाद | रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही मिठाइयों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है. इसी बीच फरीदाबाद के एक मेले में गोहाना की मशहूर ‘बड़ी वाली जलेबी’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. अपने बड़े आकार और खास स्वाद की वजह से इस जलेबी को खरीदने के लिए दूर- दूर से लोग पहुंच रहे हैं. दुकानदार सोनू ने बताया कि उनकी दुकान करीब 60- 65 साल पुरानी है और ‘मातूराम जलेबी‘ के नाम से देश- विदेश तक पहचान बना चुकी है.
एक जलेबी का वजन करीब 250 ग्राम होता है. इसे सूजी, बेसन और खोवा के मिश्रण से तैयार कर देसी घी में तला जाता है और फिर चीनी की चाशनी में डुबोया जाता है. सोनू का दावा है कि अगर किसी ग्राहक को जलेबी पसंद नहीं आए तो वह पैसे न दे. अगर कोई इसमें मिलावट साबित कर दे तो 50 हजार रुपये का इनाम भी दिया जाएगा.
गोहाना की बड़ी जलेबी
दुकानदार के मुताबिक, एक किलो में सिर्फ चार जलेबियां आती हैं और मेले में रोजाना 500 से ज्यादा जलेबियां बिक रही हैं. इन्हें तैयार करने के लिए चार कारीगर लगातार काम कर रहे हैं. ग्राहकों में भी इस जलेबी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. गुरुग्राम से आए मिलन वर्मा ने बताया कि इतनी बड़ी और स्वादिष्ट जलेबी उन्होंने पहले कभी नहीं खाई. उन्होंने अपने परिवार के लिए 5 किलो जलेबी पैक करवाई.
स्वाद और खुशबू
वहीं, ग्राहक सोमवीर ने कहा कि एक जलेबी खाने के बाद उनका मन नहीं भरा और उन्होंने लगातार कई जलेबियां खरीद लीं. रक्षाबंधन पर कुछ अलग और खास मिठाई की तलाश कर रहे लोगों के लिए फरीदाबाद मेले में मिलने वाली गोहाना की यह देसी घी वाली बड़ी जलेबी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है. इसके स्वाद और खुशबू की चर्चा दूर- दूर तक हो रही है.
