फरीदाबाद | कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए हरियाणा रोडवेज (Haryana Roadways) के फरीदाबाद डिपो ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं. हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए चार अतिरिक्त बसें तैयार रखी गई हैं. यदि यात्रियों की संख्या अनुमान से अधिक रहती है तो विभाग अतिरिक्त परमिट लेकर और बसों का संचालन भी करेगा.
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार रूट पर यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को बसों की कमी का सामना न करना पड़े.
श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी
डिपो के ड्यूटी इंचार्ज जयपाल राठी ने बताया कि बल्लभगढ़ से हरिद्वार के लिए प्रतिदिन दो नियमित बसों का संचालन किया जा रहा है. पहली बस सुबह 5:30 बजे रवाना होती है जबकि दूसरी बस रात 8 बजे हरिद्वार के लिए चलती है. पलवल से बल्लभगढ़ होते हुए हरिद्वार जाने वाली एक बस भी प्रतिदिन करीब 11:30 बजे संचालित की जाती है. रोडवेज प्रशासन ने 25 जुलाई से कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए विशेष संचालन योजना लागू करने का निर्णय लिया है. यातायात पुलिस की ओर से रूट डायवर्जन संबंधी निर्देश मिलते ही बसों के मार्ग और संचालन में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे.
बढ़ाई बसों की संख्या
यात्रा अवधि में परिवहन सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें, इसके लिए रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टियां फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. यदि जरूरत पड़ी तो अतिरिक्त बसों की संख्या तुरंत बढ़ाई जाएगी ताकि हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.
