फरीदाबाद | दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi Mumbai Expressway) से नोएडा स्थित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक निर्माणधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. मोहना गांव में सड़क के ऊपर पिलर बना दिए गए हैं और गर्डर भी रख दिए गए हैं. यहां पर एक्सप्रेसवे पर एंट्री व एग्जिट भी बनाएं जाएंगे.

जल्द शुरू होगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
यमुना नदी से मोहना इंटरचेंज व अन्य स्थानों पर एक्सप्रेसवे की सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. यमुना नदी पर सिक्स लेन पुल का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है. इसी साल इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. अगले साल इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी.
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे फरीदाबाद में सेक्टर- 65 के पास लिंक रोड से शुरू हो रहा है. 31 किलोमीटर लंबा यह सड़क मार्ग 7 किलोमीटर हरियाणा में, जबकि 24 किलोमीटर उत्तर प्रदेश के हिस्से में बनेगा. इस एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए 1 दर्जन से ज्यादा गांवों की करीब 1 हजार एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है.
कई हाइवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सबसे पहले दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से शुरू होगा. इसके बाद, कुंडली- गाजियाबाद- पलवल (KGP) एक्सप्रेसवे के जरिए इसे सीधे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा. इस एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी IGI एयरपोर्ट से भी होगी. यमुना एक्सप्रेसवे के लिए भी कनेक्टिविटी दी जाएगी. ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को नेशनल हाईवे फरीदाबाद से भी जोड़ा जाएगा.