फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में मेट्रो के Phase- 5A के तहत कुल 16 किलोमीटर विस्तार को हरी झंडी दिखाई गई है. इनमें 3 अलग- अलग कॉरिडोर होंगे जिसपर कुल 13 स्टेशन बनेंगे.
इन कॉरिडोर में तुगलकाबाद- एरोसिटी मेट्रो स्टेशन भी प्रस्तावित है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर स्मार्ट सिटी फरीदाबाद के लोगों के लिए दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट के लिए सफर करना बेहद आसान हो जाएगा. फरीदाबाद से मेट्रो के जरिए IGI एयरपोर्ट की दूरी तय करने में लगभग 2 घंटे का समय लगता है.
लोगों को लाभ
अभी फरीदाबाद से चलकर यात्रियों को पहले वॉयलेट लाइन के जरिए लाजपत नगर या दुर्गा बाई देशमुख साउथ कैंपस स्टेशन पर उतरना पड़ता है. इसके बाद, वहां से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन या दूसरी मेट्रो लाइन पकड़नी पड़ती है. पीक आवर्स में भीड़ और स्टेशनों पर लंबा इंतजार यात्रियों की इस परेशानी को दोगुना कर देता है. ऐसे में प्रस्तावित एरोसिटी- तुगलकाबाद मेट्रो विस्तार के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी. फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और ग्रेटर फरीदाबाद से एयरपोर्ट के लिए आने वाले हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ पहुंचेगा.
जल्द पूरा होगा लक्ष्य
फरीदाबाद सहित बल्लभगढ़ और ग्रेटर फरीदाबाद से बड़ी संख्या में निर्यातक, आईटी प्रोफेशनल और नौकरीपेशा लोग नियमित रूप से एयरपोर्ट का इस्तेमाल करते हैं. कई औद्योगिक इकाइयों के मालिकों और अधिकारियों को व्यापारिक बैठकों, विदेशी दौरों और माल की आवाजाही के लिए हवाई सफर करना पड़ता है. ऐसे में इस मेट्रो विस्तार से सफर के समय में लगभग 40 मिनट की कमी आएगी, जिससे समय पर एयरपोर्ट पहुंचना आसान होगा और ट्रैफिक जाम के झंझट से भी छुटकारा मिलेगा.
आमजन को भी इस मेट्रो विस्तार का सीधा फायदा पहुंचेगा. अभी सड़क मार्ग के जरिए एयरपोर्ट की दूरी तय करने में लगभग 3 घंटे का समय लगता है. अब जल्द ही लोगों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा. इस प्रोजेक्ट को 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
