फरीदाबाद | एशिया महाद्वीप का सबसे बड़ा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का अप्रैल 2025 में संचालन शुरू होने जा रहा है. UP के गौतमबुद्ध नगर में निर्माणाधीन इस एयरपोर्ट को जेवर एयरपोर्ट के नाम से भी जाना जाता है. अगले साल अप्रैल में जेवर एयरपोर्ट से कमर्शियल विमानों का संचालन शुरू होने जा रहा है.
इस एयरपोर्ट के संचालित होने पर दिल्ली- NCR की तस्वीर बदल जाएगी और इसका असर हरियाणा के फरीदाबाद तक दिखाई देगा.
दिल्ली- NCR का इंडस्ट्रियल हब
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के समीप होने के चलते फरीदाबाद को इंडस्ट्रियल हब कहां जाता है. यहां पर कई रेजिडेंशियल सोसाइटी भी मौजूद हैं. माना जा रहा है कि जेवर एयरपोर्ट संचालित होने पर फरीदाबाद में विकास की गति रफ्तार पकड़ेगी. इस एयरपोर्ट के चलते फरीदाबाद में निवेश, नौकरियों के अवसर और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास काफी तेजी से होगा.
सफर को आसान बनाएगा FNG एक्सप्रेसवे
फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट मात्र 38 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. बता दें कि जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई एक्सप्रेसवे को मंजूरी प्रदान की है. इनमें फरीदाबाद- नोएडा- गाजियाबाद (FNG) एक्सप्रेसवे भी शामिल हैं. इस एक्सप्रेसवे की बदौलत न केवल जेवर एयरपोर्ट, बल्कि दिल्ली समेत पूरे एनसीआर से फरीदाबाद का सफर आसान हो जाएगा.
ऐसे में न सिर्फ नौकरी बल्कि यहां बसने के लिए भी फरीदाबाद लोगों की पहली पसंद के रूप में उभर कर सामने आएगा. वहीं, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के चलते फरीदाबाद में बिजनेस सेटअप करना भी मुश्किल नहीं होगा.
जल्द पूरा होगा इंटरचेंज का काम
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ के सेक्टर- 65 में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज का काम चल रहा है, जिसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा. यह इंटरचेंज DND और KGP एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ेगा, जिसके बाद फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से जेवर एयरपोर्ट की दूरी मात्र 20 मिनट में पूरी की जा सकेगी.
