दिव्यांगता को मात देकर फरीदाबाद के लक्ष्य ने जीता कांस्य पदक, मां ने बताई संघर्ष भरे सफर की आपबीती

फरीदाबाद | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां फरीदाबाद निवासी 17 वर्षीय लक्ष्य गुप्ता ने दुबई में आयोजित हुए पैरा यूथ एशियन गेम्स 2025 में टेबल टेनिस इवेंट में पैरा यूथ U- 17 कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर भारत और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हुए परिजनों ने कहा कि लक्ष्य ने अपने शानदार प्रदर्शन से हर भारतीय को गौरवान्वित किया है.

Lakshya Gupta

ओलंपिक में गोल्ड मेडल सपना

अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए लक्ष्य गुप्ता ने कहा कि मैं ठीक से बोल नहीं सकता लेकिन मैंने 3 साल पहले प्रोफेशनल तरीके से टेबल टेनिस खेलना शुरू कर दिया था. आज इस मुकाम तक पहुंचने पर बहुत खुशी हो रही है. अब मेरा सपना 2028 पैरा ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर हिंदुस्तान का नाम रोशन करना है और इसके लिए वो पहले से भी ज्यादा मेहनत करेंगे.

पिता ने छोड़ दिया था साथ

अपने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए मां निशा गुप्ता ने बताया कि लक्ष्य के जन्म के एक साल बाद हमें पता चला कि वह दिव्यांग है. इसी वजह से उसके पिता ने हमें छोड़ दिया. मैंने नौकरी के साथ- साथ लक्ष्य की परवरिश की. जब स्कूल में दाखिले का समय आया, तो स्कूल वाले कहने लगे कि यह बच्चा दूसरे बच्चों के साथ बैठने लायक नहीं है, जिसके बाद मैंने स्कूल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की. इसके बाद, जिस स्कूल में मैं पढ़ा रही थी, उसी स्कूल में मैंने अपने बेटे का दाखिला करवाया.

मां निशा गुप्ता ने बताया कि 10वें जन्मदिन पर किसी ने लक्ष्य को टेबल- टेनिस गिफ्ट किया, जिसके बाद उसका इस खेल से गहरा लगाव हो गया. लक्ष्य को इस खेल के लिए ट्रेनिंग दिलाना हमारे बजट से बाहर था, जिसके बाद कुछ संस्थाओं ने मिलकर हमारा सहयोग किया और आज भी उनका सहयोग ऐसे ही बना हुआ है. उन्हीं के सहयोग की वजह से आज लक्ष्य इतनी बड़ी टूर्नामेंट में पदक जीतने में कामयाब रहा है.

सरकार से अपील

सरकार से अपील करते हुए निशा गुप्ता ने कहा कि जो कैश अवार्ड और सुविधाएं खेल नीति के अनुसार लक्ष्य को मिलनी चाहिए, वह जल्द सुनिश्चित की जाएं, ताकि वह और ज्यादा बेहतर तरीके से अपने खेल की बारिकियां को समझ सकें. सरकार की मदद से लक्ष्य अपनी खेल जर्नी को और ज्यादा ऊंचाइयों पर ले जा सकता है.

लक्ष्य की उपलब्धियां

  • साल 2021 और 2023 में हुए पैरा नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता.
  • साल 2023 में दक्षिण अफ्रीका में हुए ब्रिक्स गेम्स में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया.
  • खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2023 में कांस्य पदक विजेता बनें.
  • 15 साल की उम्र में U- 23 पैरा श्रेणी में एशिया में पहला स्थान हासिल कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया.
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.