फरीदाबाद में अजगर का लाइव मूवमेंट कैमरे में कैद, वन विभाग ने लोगों से की अपील

फरीदाबाद | हरियाणा के ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर- 81 स्थित पुरी बिजनेस हब में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर की दीवार पर करीब 10 से 12 फुट लंबा अजगर रेंगता हुआ दिखाई दिया. विशालकाय अजगर को देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जुट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे लोगों ने बिजनेस हब की दीवार पर अजगर को देखा. कुछ देर तक वह दीवार पर ही रेंगता रहा, जिसके बाद धीरे-धीरे पास की झाड़ियों की ओर चला गया. अजगर के वहां से हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली.

Ajgar Snack

घटना की जानकारी मिलते ही कई लोग मौके पर पहुंच गए. कुछ लोगों ने अजगर का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. इसकी सूचना वन्य जीव एवं प्राणी विभाग को भी दी गई, लेकिन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही अजगर झाड़ियों में गायब हो चुका था.

लोगों में चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रेटर फरीदाबाद के रिहायशी इलाकों में पहले भी कई बार अजगर और अन्य वन्य जीव दिखाई दे चुके हैं. बारिश के मौसम में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी देखी जाती है जिससे लोगों में चिंता बनी रहती है. न्य जीव विभाग के इंस्पेक्टर हंसराज ने बताया कि अजगर दिखाई देने की सूचना विभाग को मिली थी. उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान अधिक उमस और मौसम में बदलाव के कारण अजगर अक्सर अपने प्राकृतिक ठिकानों से बाहर निकल आते हैं और कई बार आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं.

की गई अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर अजगर या अन्य जंगली जानवर दिखाई दें तो उन्हें पकड़ने या छेड़ने की कोशिश न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत वन्य जीव एवं प्राणी विभाग को सूचना दें, ताकि विशेषज्ञ टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू अभियान चलाकर वन्य जीव को उसके प्राकृतिक आवास में पहुंचा सके.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.