फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से UP के ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन करने वाले लोगों को बहुत जल्द राहत मिलने जा रही है. यहां यमुना नदी पर बने मंझावली पुल से जुड़ी लिंक रोड परियोजना के अगले साल पूरा होने की उम्मीद जग उठी हैं. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर दोनों शहरों के बीच सफर करना आसान हो जाएगा. दोनों शहरों के बीच की दूरी मात्र 30 मिनट में पूरी हो सकेगी. यह दोनों शहरों के बीच सड़क मार्ग की पहली कनेक्टिविटी होगी. अभी तक दोनों शहरों के बीच सफर करने के लिए कोई सीधा सड़क मार्ग नहीं है.

फरीदाबाद में कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित है और यहां काम करने वाली लोगों की एक बड़ी आबादी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रहती है. ऐसे में इन लोगों को सफर पूरा करने के लिए कालिंदी कुंज या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे जैसे वैकल्पिक और भीड़- भाड़ वाले रास्तों से गुजरना पड़ता है. पीक आवर्स के दौरान इन रास्तों पर भीषण ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है.
फरीदाबाद को बड़े स्तर पर राहत
ऐसे में नई सड़क बनने से लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा. रोजाना आवागमन करने वाले स्टूडेंट्स, कर्मचारियों और व्यापारियों को भी इसका फायदा पहुंचेगा. एमरजेंसी सेवाओं के दौरान भी यह सड़क मार्ग बेहद अहम साबित होगा. यह सड़क NCR में पूर्व और पश्चिम हिस्सों को बेहतर तरीके से जोड़ेगी. साथ ही यमुना किनारे बसे गांवों को स्कूल, अस्पताल और बाजारों तक पहुंचना आसान हो जाएगा.
जल्द काम पूरा होने की उम्मीद
इस प्रोजेक्ट के तहत, ग्रेटर नोएडा से मंझावली पुल तक 66 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा. इस पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और हरियाणा अपने हिस्से में सड़क बनवा चुका है, लेकिन UP की ओर से पुल को जोड़ने वाली अप्रोच रोड का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है. प्रोजेक्ट से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि अभी कुछ अड़चनें बनी हुई है. यदि सभी अड़चनें समय पर दूर हो जाती है तो एक साल के भीतर सड़क मार्ग के निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा.