खुशखबरी: दिल्ली- फरीदाबाद के बीच दौड़ेगी नई मेमू ट्रेन, फटाफट देखें टाइमिंग व स्टॉपेज

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से फरीदाबाद के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली-फरीदाबाद के बीच नई मेमू ट्रेन संचालन की मंजूरी प्रदान कर दी है. उन्होंने फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को पत्र भेजकर इसकी स्वीकृति की जानकारी दी है.

Train

दिल्ली- फरीदाबाद के बीच दौड़ेगी मेमू ट्रेन

गौरतलब है कि केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कुछ समय पहले रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी और फरीदाबाद के यात्रियों की समस्या को उनके सामने रखते हुए नई ट्रेन चलाने की मांग की थी. उनकी इस मांग को रेलमंत्री ने स्वीकार करते हुए नई मेमू ट्रेन चलाने की स्वीकृति दे दी है. रेलवे बोर्ड ने 27 अप्रैल को इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई थी. ऑपरेटिंग विभाग तैयारियां पूरी कर मई के पहले हफ्ते से सेवा शुरू करने की तैयारी में है.

यह रहेगा शेड्यूल

वर्तमान में पुरानी दिल्ली से फरीदाबाद के बीच सुबह 05.35 बजे के बाद दोपहर 12.12 बजे तक कोई लोकल ट्रेन की सुविधा नहीं हैं लेकिन अब नई मेमू ट्रेन के संचालन से इस लंबे अंतराल को खत्म करने में मदद मिलेगी. रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि नई मेमू ट्रेन नंबर 64038, पुरानी दिल्ली से सुबह साढ़े 10 बजे रवाना होकर पौने 12 बजे फरीदाबाद पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में मेमू ट्रेन नंबर 64037, दोपहर 2 बजे फरीदाबाद से रवाना होकर पौने 4 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी.

यह भी पढ़े -  रेलवे की परीक्षा देने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर, 30 जून तक मिलता रहेगा इस सुविधा का लाभ

इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव

12 डिब्बों वाली यह मेमू ट्रेन सदर बाजार, नई दिल्ली, शिवाजी ब्रिज, तिलक ब्रिज, हजरत निजामुद्दीन, ओखला, तुगलकाबाद और फरीदाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी. यह वही मेमू ट्रेन है, जो शामली से चलकर सुबह 10 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचती है और करीब 6 घंटे खाली खड़ी रहती है. रेलवे बोर्ड ने इसी का बेहतर उपयोग करते हुए इसे फरीदाबाद तक चलाने का फैसला लिया है. इस मेमू ट्रेन के चलने से सदर बाजार आवागमन करने वाले व्यापारी, नौकरीपेशा और दैनिक यात्री अब घंटों इंतजार किए बिना सफर कर सकेंगे.

खासकर पीक आवर्स में भीड़ से राहत दिलाने में यह ट्रेन महत्वपूर्ण साबित होगी. दिल्ली- फरीदाबाद रूट पर यह मेमू ट्रेन सेवा जनसुविधा के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है. दिल्ली- फरीदाबाद के बीच रोजाना सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को इसका सीधा फायदा पहुंचेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.