फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद के कई इलाकों में रहने वाले लोगों को अगले सप्ताह 48 घंटे तक पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है. फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) द्वारा रेनीवेल जलापूर्ति लाइन नंबर-2 पर नया कनेक्शन जोड़ने का कार्य किया जाएगा. इस कारण 29 जून से 1 जुलाई तक इस लाइन से जुड़े क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी. प्राधिकरण के अनुसार, बदरपुर गांव के पास रेनीवेल जलापूर्ति लाइन नंबर- 2 पर कनेक्शन जोड़ने का काम किया जाएगा.

यह कार्य तकनीकी रूप से महत्वपूर्ण होने के कारण लगभग 48 घंटे तक जलापूर्ति बाधित रहेगी. इस दौरान तिरखा कॉलोनी, शिव कॉलोनी, चावला कॉलोनी, सेक्टर- 24, मुजेसर, सेक्टर- 7, सेक्टर- 8, बल्लभगढ़ के सेक्टर- 3 सहित फरीदाबाद और बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रहेगी.
फरीदाबाद में 48 घंटे नहीं आएगा पानी
एफएमडीए ने बताया कि जलापूर्ति बंद रहने के दौरान लोगों को असुविधा से बचाने के लिए पहले से ही आवश्यक तैयारियां कर लेनी चाहिए. प्राधिकरण के मुख्य अभियंता विशाल बंसल ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 29 जून से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर लें ताकि दो दिनों तक पानी की कमी के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. लोगों से सहयोग करने और अनावश्यक रूप से पानी की बर्बादी से बचने की भी अपील की गई है.
जलापूर्ति रहेगी बंद
यदि किसी नागरिक को जलापूर्ति बंद रहने या कार्य की प्रगति से संबंधित कोई जानकारी चाहिए, तो वे विभाग के जलापूर्ति प्रभारी कनिष्ठ अभियंता जसवंत से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए उनका मोबाइल नंबर 9810530284 जारी किया गया है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आवश्यक स्थिति में ही संपर्क करें और निर्धारित अवधि तक वैकल्पिक जल व्यवस्था बनाकर रखें ताकि 48 घंटे के इस शटडाउन के दौरान दैनिक कार्य प्रभावित न हों.