फरीदाबाद | बल्लभगढ़ के मोहना गांव में पिछले कई दिनों से बिजली संकट लगातार बना हुआ है और ग्रामीणों को अघोषित कटों की वजह से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति यह है कि अगले कुछ दिनों तक बिजली व्यवस्था में पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. इसके बाद, सुधार की संभावना जताई जा रही है. यमुना किनारे बसे इस गांव की आबादी करीब 12 हजार है जहां लंबे समय से बिजली की किल्लत बनी हुई है.

ग्रामीणों का कहना है कि नाममात्र की बिजली आती है और ज्यादातर समय आपूर्ति बाधित रहती है. कई बार घंटों तक लाइट गायब रहती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, 9 जून से ही बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है.
किया जाता है अभद्र व्यवहार
ग्रामीण महेश, गज्जू पहलवान और पवन ने आरोप लगाया कि बिजली कर्मचारियों से संपर्क करने पर या तो फोन नहीं उठाया जाता या फिर अभद्र व्यवहार किया जाता है. कई बार आश्वासन देने के बावजूद तय समय पर बिजली नहीं आई. ग्रामीणों ने बताया कि एक रात में कई बार ट्रिपिंग के कारण बिजली आती-जाती रही और बाद में पूरी तरह गुल हो गई. सीमा कुलश्रेष्ठ और ताराचंद भटनागर ने कहा कि पूरी रात बिजली न होने से गर्मी और मच्छरों के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
ट्रिपिंग जारी
सुबह के समय भी हालात नहीं सुधरे और करीब आधे घंटे तक लगातार ट्रिपिंग जारी रही. इससे वार्ड नंबर एक और आसपास की बस्तियों में पानी की किल्लत भी बढ़ गई है क्योंकि लोग बिजली न होने से पानी नहीं भर पा रहे हैं. रोजमर्रा के कामकाज और पशुपालन से जुड़ी गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं. बोदल वाले ट्रांसफार्मर में लगातार खराबी के कारण फेज उड़ते रहते हैं. कई बार एक या दो फेज में ही बिजली आपूर्ति होती है.
स्थिति और खराब
कभी पूरी तरह तीनों फेज बंद हो जाते हैं जिससे स्थिति और खराब हो जाती है. ट्रिपिंग की वजह से कई बार घरेलू उपकरण भी खराब हो चुके हैं. ग्रामीणों ने मांग की है कि ट्रांसफार्मर और बिजली व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए और लोड बढ़ाकर स्थायी समाधान किया जाए. वहीं, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के छांयसा उपमंडल अधिकारी नीरज त्यागी ने बताया कि केबल और कंडक्टर बदलने का काम चल रहा है जिसकी वजह से अगले 3 से 4 दिन तक बिजली संकट बना रहेगा.