फरीदाबाद: मोहना एलिवेटेड रोड में देरी पर PWD का एक्शन, ठेकेदार को फटकार

फरीदाबाद | हरियाणा के फीरदाबाद के बल्लभगढ़ में करीब 225 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे मोहना एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट में लगातार हो रही देरी पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सख्त रुख अपनाया है. विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) मनोज ओला ने अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए गए. विभाग ने साफ किया है कि यह परियोजना हर हाल में 31 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी.

Elevated Road

मोहना एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य जून 2024 में शुरू हुआ था. करीब 225 करोड़ रुपए की इस परियोजना के तहत कुल 90 पिलर बनाए जाने हैं. हालांकि अब भी करीब 300 मीटर हिस्से में पिलरों का निर्माण अधूरा है.

जाम से राहत

परियोजना पूरी होने के बाद बल्लभगढ़ से केएमपी (पेरिफेरल) एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी. निर्माण में देरी का असर स्थानीय लोगों पर भी पड़ रहा है. रोजाना जाम, धूल और उबड़- खाबड़ रास्तों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यह मार्ग बल्लभगढ़ शहर को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है. बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ की वजह से स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं.

कार्य की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान SE मनोज ओला ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता तय समय सीमा के भीतर एलिवेटेड रोड का निर्माण पूरा कराना है. मौके पर पहुंचकर कार्य की समीक्षा की गई और ठेकेदार को निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि दिसंबर 2026 तक परियोजना पूरी कर ली जाएगी. निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर चल रही विजिलेंस जांच पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी. उनका कहना था कि विभाग समय- समय पर स्वयं भी सामग्री की जांच करता है. विजिलेंस विभाग को जांच का पूरा अधिकार है और विभाग जांच में पूरा सहयोग कर रहा है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.