फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले से अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक की दूरी कुछ ही मिनटों में पूरी की जा सकेगी. शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने इस एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने और तेजी से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं. परियोजना को प्राथमिकता देते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

कालिंदी कुंज मार्ग का काम होगा तेज
यह दोनों परियोजनाएं केंद्र सरकार से जुड़ी हुई हैं, जिन्हें तय समयसीमा में पूरा किया जाएगा. बुधवार को सेक्टर- 12 लघु सचिवालय में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में ढेसी ने अधिकारियों और एजेंसियों को जरूरी दिशा- निर्देश दिए. बैठक में मंडलायुक्त संजय जून, उपायुक्त विक्रम सिंह, डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी, स्मार्ट सिटी के डिप्टी सीईओ अमित मान, एफएमडीए की अतिरिक्त सीईओ गौरी मिड्ढा और सीटीएम अंकित कुमार मौजूद रहे.
सड़क के काम में तेजी
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कालिंदी कुंज मार्ग पर एक किलोमीटर लंबे टुकड़े के लिए डीपीआर तैयार कर दी गई है और इसे जल्द धरातल पर उतारा जाएगा. एलिवेटेड रोड का निर्माण भी तेज गति से किया जा रहा है. एफएमडीए को सड़कों और अन्य विकास कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्हें अगले वित्त वर्ष में हाई परचेज कमेटी से पास कराकर मंजूरी दिलवाई जाएगी.
मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
अधिकारियों ने यह भी बताया कि एसटीपी मिर्जापुर से मास्टर सीवर लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है. खेड़ी ब्रिज से एसटीपी मिर्जापुर तक 1800 मिमी व्यास की लाइन बिछाई जा रही है. ग्रेटर फरीदाबाद में जलापूर्ति, सड़क और अन्य बुनियादी विकास कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाएगा. नीलम फ्लाईओवर, सेक्टर-15 और 15ए की सड़कों पर नई स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं, जिनके रखरखाव की जिम्मेदारी अब नगर निगम को सौंपी गई है.