फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद (Faridabad) जिले में नगर निगम के मेयर और पार्षद पद के लिए वोटों की काउंटिंग चल रही है. फरीदाबाद में इस बार करीब 8 साल बाद मेयर और पार्षद पद के लिए जनता अपने प्रत्याशी चुनने जा रही है. मेयर पद के लिए 6 महिला प्रत्याशी और पार्षद पद के लिए 221 प्रत्याशी मैदान में है. वोटों की गिनती के लिए 7 जगह पर 9 मतगणना केन्द्र बनाए गए हैं.
फरीदाबाद से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड
देश में सबसे ज्यादा मार्जिन के साथ मेयर चुनाव जीतने का रिकॉर्ड आज टूट गया है. पहले ये रिकॉर्ड गाजियाबाद में बीजेपी उम्मीदवार सुनीता दयाल के नाम था. सुनीता ने 2,87,000 वोटों के अंतर से चुनाव जीता था. लेकिन आज फरीदाबाद से बीजेपी की उम्मीदवार प्रवीन बत्रा जोशी ने 3,16,852 वोटों से जीत हासिल करने का नया रिकॉर्ड बना दिया है.
फरीदाबाद में भाजपा से मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी ने 316852 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है. प्रवीण जोशी को रिटर्निंग अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद सतबीर मान ने जीत का सर्टिफिकेट प्रदान किया. इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर व भाजपा जिलाध्यक्ष राज कुमार वोहरा भी मौजूद रहे.
कांग्रेस का सूपड़ा साफ: कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला. दिल्ली के बाद अब फरीदाबाद में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है. जनता ने हमें तीसरी बार सरकार बनाने का मौका दिया है और हम विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाते रहेंगे. भाजपा ने चुनाव में बड़ी सफलता हासिल करते हुए नगर निगम पर अपना कब्जा बरकरार रखा है. राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, यह जीत पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता के भरोसे को दर्शाती है.
