फरीदाबाद की कंपनी में वेतन विवाद, सैकड़ों वर्करों ने काम छोड़ किया प्रदर्शन

फरीदाबाद | सेक्टर- 24 स्थित एक कंपनी में समय पर वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने कंपनी गेट के बाहर प्रदर्शन किया. बता दें कि सैकड़ों वर्करों ने कंपनी के अंदर जाने के बजाय गेट पर एकत्र होकर विरोध जताया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की. दरअसल, कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो महीनों से वेतन किस्तों में दिया जा रहा है जिससे उनके सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं.

Contract Employees

कंपनी जानबूझकर एकमुश्त वेतन देने के बजाय आधी- आधी सैलरी जारी कर रही है. इससे घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल हो रहा है. कर्मचारियों ने मांग की कि उन्हें हर महीने समय पर और पूरी सैलरी दी जाए.

किया प्रदर्शन

कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत सूरज ने बताया कि पिछले 2 महीनों से कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं मिल रहा है. कंपनी की ओर से सैलरी दो हिस्सों में दी जा रही है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में जब कंपनी के एचआर अमित राणा से बातचीत की गई तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. कर्मचारियों को केवल कंपनी का सहयोग करने की बात कही गई. यह समस्या लगातार बनी हुई है और इसका असर कर्मचारियों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है.

परिवार का खर्च चलाना मुश्किल

महिला कर्मचारी भारती ने बताया कि कर्मचारी पूरे महीने मेहनत से काम करते हैं फिर भी उन्हें पूरी सैलरी एक साथ नहीं मिल रही. उन्होंने कहा कि घर का बजट महीनेभर की आय को ध्यान में रखकर बनाया जाता है. बच्चों की स्कूल फीस, राशन और अन्य जरूरी खर्च समय पर करने पड़ते हैं. ऐसे में वेतन का केवल आधा हिस्सा मिलने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो जाता है. कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियां समय पर निभाते हैं और नियमित रूप से काम पर आते हैं, इसलिए कंपनी को भी वेतन भुगतान में देरी नहीं करना चाहिए.

यह भी पढ़े -  फरीदाबाद-पलवल के यात्रियों को राहत, दो ईएमयू ट्रेनों का रूट बढ़ा

दी चेतावनी

उनका आरोप है कि वेतन में देरी और किस्तों में भुगतान की वजह से कई कर्मचारी कर्ज लेने या उधार पर निर्भर होने को मजबूर हैं. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन से नियमित और एकमुश्त वेतन भुगतान करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनका विरोध आगे भी जारी रह सकता है. वहीं, कंपनी प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.