फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में सड़कों को स्मार्ट बनाने का सिलसिला रफ़्तार पकड़ चुका है. इसी कड़ी में अब नगर निगम की ओर ले बल्लभगढ़ समयपुर- समरथला सोहना सड़क मार्ग को स्मार्ट बनाया जाएगा. 5.70 करोड़ रुपए की लागत से स्मार्ट बनने वाली इस सड़क को नगर निगम ने पीडब्ल्यूडी से टेकओवर कर लिया है.
फरीदाबाद के 28 गांवों को मिलेगा फायदा
इस सड़क मार्ग के स्मार्ट बनने से न केवल शहर की कॉलोनियों बल्कि 28 गांवों की आबादी को भी सीधा फायदा पहुंचेगा. बारिश के दिनों में इस सड़क मार्ग से आवागमन करना बेहद मुश्किल हो जाता है क्योंकि जलभराव से हादसे होने की संभावना बनी रहती है लेकिन अब स्मार्ट सड़क बनने से सफर आसान व सुरक्षित हो जाएगा.
वार्ड नंबर- 1 से होकर गुजरने वाली यह सड़क पिछले लंबे से जर्जर हालत से गुजर रही है. पीक आवर्स के दौरान लोगों को यहां ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. इसके साथ ही ओवरफ्लो की स्थिति बनी रहती है. वहीं, सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण ट्रैफिक जाम की समस्या को और ज्यादा बढ़ा देता है. इस सड़क मार्ग पर 50 से अधिक स्कूल पड़ते हैं जिसके चलते यहां से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही बनी रहती है. नगर निगम द्वारा इस सड़क मार्ग के किनारे खड़े सूखे पेड़ों को हटाकर नए सिरे से पौधारोपण किया जाएगा.
भूमिगत होगी बिजली की लाइनें
सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले बिजली की लाइनें भूमिगत की जाएगी. इसके साथ ही, बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा. इसके अलावा, पानी की लाइन को भी शिफ्ट किया जाएगा. यह सड़क बल्लभगढ़ से होते हुए राजीव कॉलोनी, सेक्टर- 56 होकर समयपुर से समरथला को जाती है.
वार्ड नंबर- 1 के पार्षद मुकेश डागर ने बताया कि नगर निगम की ओर से सड़क से बिजली के खंभे हटाने और पेड़ों को लेकर संबंधित विभागों से एनओसी मांगी गई है. इस मार्ग के स्मार्ट बनने का सबसे ज्यादा फायदा राजीव कॉलोनी की जनता को पहुंचेगा. उन्हें न केवल आरामदायक सफर के लिए बेहतर सड़क की सुविधा मिलेगी बल्कि जलभराव से भी राहत मिलेगी.
फरीदाबाद शहर की पहली ऐसी स्मार्ट सड़क होगी जिसमें बिजली की लाइन भूमिगत डाली जाएगी. इस प्रस्ताव को सीएम नायब सैनी के समक्ष फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी की बैठक में रखा गया था. उनके आदेश के बाद निगम को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे- सतीश फागना, बीजेपी विधायक, NIT फरीदाबाद
